हर घर तिरंगा अभियान 11 से 17 अगस्त तक, कलेक्टर ने की समीक्षा

ग्वालियर, 11 जुलाई। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आगामी 11 से 17 अगस्त तक चलाए जाने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के लिए जिले की रणनीति तैयार की जाए। ग्वालियर जिले में तीन लाख 50 हजार झण्डे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एडीएम इच्छित गढ़पाले की अध्यक्षता में तथा ग्रामीण क्षेत्र में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी की अध्यक्षता में कोर कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मूल उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। यह अभियान केवल शासकीय अभियान नहीं बल्कि जन-जन का अभियान बने, ऐसे प्रयास किए जाएंगे। अभियान के तहत जिले के हर घर, हर व्यवसायिक प्रतिष्ठान, हर शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए, इसकी व्यवस्था और प्रबंध के निर्देश अधिकारियों को कलेक्टर सिंह ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जन जागरुकता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि झण्डों का निर्माण ग्रामीण क्षेत्र और नगर निगम ग्वालियर को छोड़कर शेष नगरीय निकायों के लिए ग्रामीण विकास के स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाए। नगर निगम ग्वालियर क्षेत्र के लिए नगर निगम शहरी क्षेत्र में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से झण्डों के निर्माण का कार्य कराएं। कलेक्टर ने यह भी कहा कि इस अभियान में अधिक से अधिक जन भागीदारी हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। समाज के विभिन्न वर्ग झण्डा निर्माण में जन सहयोग करें, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से एक पृथक से बैंक खाता भी खोला जाए।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि समाज के सभी वर्ग इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें, ऐसा माहौल भी बनाया जाए। जन भागीदारी के माध्यम से जिन लोगों से भी सहयोग लिया जाए वह राशि ऑनलाइन अथवा चैक के माध्यम से ही प्राप्त की जाए। जो लोग इस अभियान में अपना सहयोग देंगे उनको जिला प्रशासन की ओर से धन्यवाद पत्र भी प्रदान किया जाए।