भिण्ड, 02 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर दबोह में विजयादशमी और शस्त्र पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता कृपाण सिंह प्रांत शारीरिक शिक्षण प्रमुख रहे।
उन्होंने अपने उद्वोधन में कहा कि शक्ति से ही समाज व राष्ट्र की रक्षा संभव है। संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। 1925 में विजयादशमी के दिन ही संघ कि स्थपाना हुई थी। तब से लेकर आज तक संघ कई अग्नि परीक्षाओं से गुजरता हुआ आज विश्व का सबसे बड़ा संगठन बन गया है। संघ के स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से समाज एवं राष्ट्र के कल्याण के लिए कार्य करते हैं। संघ अब पंच परिवर्तन के लिए कार्य कर रहा है। आज हम सबको पर्यावरण के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमें स्वभाषा, स्वभूषा पर गर्व होना चाहिए। सामाजिक समरसता हर व्यक्ति के आचरण में होना चाहिए। कोई अछूत नहीं है, ऐसा भाव हम सबके मन में होना चाहिए। कुटुंब प्रबोधन में उन्होंने कहा कि हम सबको अपने परिवार के साथ मिलजुलकर रहना चाहिए। नागरिक कर्तव्य हमें पता होना चाहिए। हम सबको अनुशासन में रहकर नियमों का पालन करना चाहिए। अंत में संघ की प्रार्थना के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सेवकों ने भाग लिया एवं समाज से दर्शक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।