आमलपुर में स्वयं सेवकों ने निकाला पथ संचलन, लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

भिण्ड, 02 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्थापना दिवस के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विजयादशमीं के अवसर पर नगर के स्वयं सेवकों द्वारा मुख्य मार्गों से पथ संचलन निकाला गया है। जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए हैं।

शताब्दी वर्ष पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा निकाले गए पथ संचलन से पहले स्वयं सेवक पूर्ण गणवेश के साथ शा. कन्या हाईस्कूल प्रांगण में एकत्रित हुए। जहां पर सबसे पहले अतिथियों ने शास्त्र पूजन एवं भारत माता, डॉ. केशव बलराम हेडगेवार, माधव सदाशिव राव गोलवलकर गुरूजी की तस्वीर पर पुष्प मालाएं अर्पित कीं, इसके पश्चात मुख्य वक्ता संघ के सह जिला कार्यवाहक अजेश कुशवाह द्वारा बौद्धिक दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सेना देश की रक्षा कर रही है, उसी प्रकार हमारे स्वयं सेवक देश की आंतरिक सुरक्षा में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर खण्ड संघ चालक शिवनारायण गुप्ता भी मंचासीन थे।
बौद्धिक कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात जयघोष के साथ संघ का पथ संचलन शुरू हुआ जो खोड़न मोहल्ला, छोटी माता मन्दिर, महाजन घटिया, पुरोहित मोहल्ला, चौधरी हॉल, छेदी मन्दिर, नई मस्जिद, बस स्टैण्ड, विजय मंच, तिवारी गली, लहारिया मोहल्ला, पुरानी नगर पंचायत, थाने के पीछे, देभई चौराहे होते हुए वापस वहीं पहुंचा, जहां पर पथ संचलन का समापन हुआ। पथ संचलन में स्वयं सेवक घोष की धुन पर कदमताल करते हुए चल रहे थे। इस दौरान नगर के लोगों ने कई जगह पुष्प वर्षा कर स्वयं सेवकों का स्वागत किया है। पथ संचलन में सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से आलमपुर थाना प्रभारी रवि उपाध्याय पुलिस बल सहित चल रहे थे।