आलमपुर में तर्पण के साथ पितरों को दी विदाई

भिण्ड, 21 सितम्बर। पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर रविवार को आलमपुर नगर के मौरियाऊ तालाब पर लोगों ने तर्पण के साथ अपने पितरों को विदाई दी। पितृपक्ष के अंतिम दिन रविवार को सुबह से ही मौरियाऊ तालाब पर पितरों को तर्पण देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। तालाब पर पं. अशोक स्वामी और पं. ब्रजेश पाण्डेय ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिविधान से पितरों का तर्पण करवाया।
इस दौरान पं. अशोक स्वामी ने कहा कि आज के दिन किया गया श्राद्ध तर्पण पितृ दोषों से मुक्ति दिलाता है। इस दिन का श्राद्ध कर्म करना अति फलदायक माना गया है। उन्होंने कहा कि सर्वपितृ अमावस्या पर किए गए श्राद्ध से पूर्वजों की आत्मा प्रसन्न होती है और परिवार में सुख शांति व खुशहाली का वातावरण बना रहता है। पितृ मोक्ष अमावस्या वह पुण्य अवसर है, जिसमें हमें अपने जिन पूर्वजों की पुण्यतिथि ज्ञात नहीं हो तो उनका श्राद्ध तर्पण सर्व पितृ अमावस्या तिथि पर करते हैं। इस मौके पर पं. किशोरी सहारिया, अनूप त्रिपाठी, सोनू त्रिवेदी, मुन्ना योगी, भगवानदास महाजन, गोपाल गुप्ता, भुवनेश पुरोहित, महेश मिठ्या, जगदीश सोनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।