– आज कलश यात्रा के साथ शुरू होगी रामकथा
भिण्ड, 21 सितम्बर। काशीधर्म पीठाधीश्वर जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज रविवार को अटेर क्षेत्र के परा गांव में स्थित अमन आश्रम पर पहुंचे। जहां भक्तों ने फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही भक्तों ने शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज का पादुका पूजन भी किया गया।
नारायण सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर सोमवार से श्रीराम कथा का आयोजन परा गांव स्थित अमन आश्रम में किया जाएगा। जिसमें सुबह 10 बजे से 501 महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा क्वारी नदी से शुरू होकर अमन आश्रम पर पहुंचेगी। जिसके बाद विधिवत पूजन अर्चन के साथ शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ के श्रीमुख से श्रीराम कथा का रसपान श्रोताओं को कराया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक पादुका पूजन और दीक्षा कार्यक्रम होगा, जबकि दोपहर एक बजे से 4 बजे तक श्रीराम कथा का वचन किया जाएगा।
शंकराचार्य जी ने बताया कि श्रीराम भगवान ने पृथ्वी पर मर्यादा का पाठ पढ़ाया और एक सुसंस्कारित जीवन जीने की प्रेरणा दी। ऐसे में गृहस्थ हों या साधु संत सभी के जीवन में श्रीराम कथा का विशेष महत्व है। श्रीराम कथा 22 सितंबर से शुरू होकर एक अक्टूबर तक चलेगी। जिसमें प्रतिदिन सत्संग में आने वाले भक्तों के लिए भण्डारे का आयोजन भी किया जाएगा।
वेद विद्यालय की होगी स्थापना
शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज ने बताया कि परा स्थित अमन आश्रम पर विशाल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें वेद विद्यालय की स्थापना की जाएगी जिसमें छात्र वेद विद्या और कर्मकाण्ड की शिक्षा ग्रहण करेंगे।