– सिक्किम में जवान का हार्टअटैक से निधन, चरथर गांव हुआ अंतिम संस्कार
भिण्ड, 11 जून। भारतीय सेना के 27वीं राजपूत रेजिमेंट के जवान नायब सूबेदार अरविन्द सिंह चौहान को उनके गृह गांव चरथर में सैन्य सम्मान के साथ बुधवार को अंतिम विदाई दी गई। अरुणाचल प्रदेश के टैगा में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुक जाने से मृत्यु हो गई। जवान अरविन्द सिंह का पार्थिव शरीर उनके गृह गांव चरथर पहुंचा जहां सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए ग्रामीणों की भीड उमड पडी। मुखाग्नि उनके पुत्र रजत ने दी।
चरथर गांव के निवासी नायब सूबेदार अरविंद सिंह चौहान का दो दिन पहले सिक्किम में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया था। सोमवार को ड्यूटी के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें त्रिकुंड पहाडी पर स्थित रेजीमेंट में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत बिगडने पर उन्हें गुवाहाटी स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया। जवान की पत्नी रेनू और बेटी नव्या का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने लाल को अंतिम विदाई दी।
इस दौरान जवान अरविन्द सिंह चौहान की पार्थिव देह पर क्षेत्रीय सांसद संध्या राय, कलेक्टर भिण्ड संजीव श्रीवास्तव, एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा, नायब सूबेदार युवराज सिंह, भूतपूर्व सैनिक अध्यक्ष राकेश कुशवाह सहित अन्य अधिकारी, सैनिक एवं ग्रामीण जनों ने पुष्प चक्कर चढाकर सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। गांव और आसपास के क्षेत्रों के सैकडों लोग शहीद को अंतिम विदाई देने पहुंचे।
मां को बताई तकलीफ
शहीद के बेटे रजत सिंह चौहान ने बताया कि मार्च माह में पिता छुट्टी पर घर आए थे। अप्रैल में छुट्टी खत्म होने पर ड्यूटी फर गए थे। बीते रोज सीने में दर्द की शिकायत कर रहे थे। सोमवार को मां से फोन पर बातचीत के दौरान उन्होंने इस तकलीफ का जिक्र भी किया था। उसी दिन ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगडने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड दिया।