बच्चे खेलों में प्रतिभा प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करें : राज्यमंत्री भदौरिया

66वीं राज्य स्तरीय शालेय बॉक्सिंग क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

भिण्ड, 23 नवम्बर। 66वीं राज्य स्तरीय शालेय बॉक्सिंग क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के मुख्य आतिथ्य एवं क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया के विशिष्ट आतिथ्य में शा. उमावि क्र.दो में किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एडीएम प्रवीण फुलपगारे, जिला पंचायत सीईओ जेके जैन, जनपद अध्यक्ष भिण्ड श्रीमती सरोज बघेल, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती कृष्णकांत तोमर, सीएमएचओ डॉ. यूपीएस कुशवाह, जिला शिक्षा अधिकारी हरिभुवन सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
66वीं राज्य स्तरीय शालेय बॉक्सिंग क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज फहराया, साथ ही प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की शपथ दिलाई। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया एवं क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने 66वीं राज्य स्तरीय शालेय बॉक्सिंग क्रीड़ा प्रतियोगिता हेतु शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक में बनाई गई रिंग का शुभारंभ किया। कार्यक्रम अंतर्गत शासकीय, अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। जिसमें शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। सीएम राइज स्कूल की छात्राओं ने गायन/ वादन एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई। बिहारी बाल मन्दिर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने ताईक्वांडो का प्रदर्शन किया। महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल की छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। मनसा देवी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नृत्य की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए राज्य के कोने-कोने से आए सभी खिलाड़ी छात्र-छात्राओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खेलों के विकास तथा संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईश्वर ने प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग प्रतिभा देकर उन्हें विशिष्ट बनाया है। आवश्यकता है परिश्रम एवं लगन से उसे परिष्कृत एवं परिमार्जित करने की। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल जीवन की सफलता और हर क्षेत्र में सफलता का आधार भी है। बच्चे खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं।
क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि खेलों में हार-जीत की बजाय खेल की भावना महत्वपूर्ण होती है। खेलों में असफल होने वाले खिलाडिय़ों को निराश नहीं होना चाहिए। सफलता के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने चाहिए। जीवन में सफलता पाने के अवसर हमेशा मिलते हैं।