दीपावली के लिए सजे बाजार, बड़ी तादात में उमड़ रहे खरीददार
भिण्ड, 21 अक्टूबर। दीपावली का पांच दिवसीय त्योहार शनिवार से शुरू होने जा रहा है। धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह से सजकर तैयार हो गया है। त्योहार की खरीददारी के लिए बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही है।
दीपावली की तैयारी को लेकर शहर का हर बाजार सजा हुआ है, चारों दिशाओं में दुकानों को लगाकर सजाया गया है। दुकानों में ग्राहकों का आकर्षण बनाए रखने के लिए एक से बढ़कर एक चीजों को सजाकर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। लोग घरों की सफाई करने के लिए रंग-रोगन के सामान खरीद रहे हंै। दुकानदारों द्वारा बाजारों में बर्तन, वाहनों के शो रूम, सजावटी सामान, मिठाई की दुकान, कपड़ों के दुकान, ज्वेलरी के दुकान से लेकर मिट्टी के दिए, खिलौने आदि को उतार दिया गया है। उत्साह के बीच त्योहार का आनंद लोग उठा रहे है। महंगाई के बाद भी लोग सामानों की खरीदारी करने में जुट गए हैं। बाजार की रौनक देखकर दुकानदार उम्मीद लगाए हुए है कि बेहतर परिणाम इस बार दीपावली में दिखाई देगा। उधर खरीददारी को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
दीपोत्सव की शुरुआत शनिवार को धनतेरस से होगी। इसी दिन आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरि की जयंती श्रृद्धा, उल्लास से मनाई जाएगी। धनतेरस पर परंपरा अनुसार खरीददारी के साथ धन के देवता कुबेर, मां लक्ष्मी, धनवंतरि और यमराज का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। ग्रहीय योग इस बार धनतेरस पर खरीददारी के लिए शुभकारी रहेगा। इस दिन सोने-चांदी और घर के बर्तनों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है।
मिट्टी के दीयों का क्रेज बढ़ा
आधुनिक चकाचौंध में जहां इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की भरमार हो गई है, बावजूद इसके लोगों में मिट्टी के दीयों की परंपरा आज भी बरकरार है। लोग मिट्टी के बर्तन का आज भी घर में इस्तेमाल कर रहे हैं और दीपावली पर्व पर मिट्टी के बने दीये जलाते हैं। त्योहारों को लेकर लोअर बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स लाइटें, इलेक्ट्रिकल दीये और डिजाइनर मोमबत्तियां उपलब्ध हैं, फिर भी लोग दीपावली पर्व को साकार बनाने के लिए मिट्टी के दीये खरीद रहे हैं।
शहर में तैनात है पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बाजार में दुकानदारों एवं खरीददारों की सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के सभी बाजारों के अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मचारी लगाए गए हैं, बड़े वाहनों को बाजार से गुजरने के लिए मनाही है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।