पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार

15 दिन पहले हुई थी ऑटो चालक की हत्या, एसपी ने प्रेसवार्ता में खोला हत्या का राज

भिण्ड, 20 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने 15 दिन पहले देहात थाना क्षेत्र में भारौली रोड पर ऑटो चालक की हत्या के मामले में पत्रकार वार्ता के दौरान खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार का लिया गया है।
उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर 2022 की रात्रि करीब 4.30 बजे थाना देहात की पुलिस को गश्त के दौरान भारौली रोड राजपूत नगर के सामने नाले में एक ऑटो क्र. एम.पी.30 आर.2013 पड़ा मिला। जिसमें एक व्यक्ति ऑटो की पीछे वाली सीट पर घायल बेहोशी हालात में मिला। उस व्यक्ति को जिला अस्पताल में इलाज हेतु ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित किया गया तथा रिपोर्ट में सिर में चोट होने से मृत्यु होना बताया गया। एसपी ने पुलिस को घटना की परिस्थितिओं को दृष्टिगत रखते हुए सूक्ष्मता से जांच के आदेश दिए थे।
विवेचना के दौरान घटना स्थल के समीप सीसीटीवी फुटेज देखने एवं परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर पाया गया कि मृतक संजय पुत्र अजमेर सिंह बघेल निवासी मिहोनी की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की जाकर साक्ष्य छुपाने की उद्देश्य से आटो क्र. एम.पी.30 आर.2013 को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए पलटा गया है। पुलिस द्वारा धारा 302, 201 भादंवि का अपराध पाया गया। मामले में मृतक की पत्नी से पूछताछ की गई तो उसके कथनों में विरोधाभास होने से उसके बारे में जानकारी निकाली गई। पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक के घर आने जाने वाला व्यक्ति जूनागढ़ में करता है, जो घटना दिनांक को भिण्ड में देखा गया था। संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़ कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सारा सच उगल दिया और मृतक संजय की हत्या संजय की पत्नी के साथ मिलकर करना स्वीकार किया।

ऐसे रची साजिश-

आरोपी के मृतक संजय की पत्नि से पूर्व से संबंध थे, जिसका संजय विरोध करता था। इससे तंग आकर पूर्व नियोजित तरीके से आरोपी गुजरात से भिण्ड आया और पूरे दिन शहर में घूमकर रात्रि में संजय के सोने इशारा मिलते ही वीरेन्द्र नगर में स्थिति उसके किराए के मकान में प्रवेश किया और मृतक की पत्नि के साथ मिलकर सोते हुए संजय के सिर में पत्थर से वार किया। संजय की आवाज न निकले जिसके लिए उसकी पत्नी ने संजय का मुंह तकिया से दबा दिया था। संजय की मृत्यु उपरांत आरोपी ने संजय के कपड़े पहने और संजय के ऑटो में उसका शव रखकर ऑटो को राजपूत नगर समीप नाले में सड़क दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से पलटा दिया।
इस कार्य में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक विनोद सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक नीतेन्द्र मावई, बीरेन्द्र यादव, आलोक तोमर, प्रधान आरक्षक गुरुदास, हरवीर गुर्जर, आरक्षक अभिषेक गुप्ता, सतेन्द्र की अहम भूमिका रही।