हिन्दुओं को विश्व में शक्तिशाली के रूप में खड़ा करना है : भैयाजी जोशी

विजयदशमी पर शहर में निकला संघ का विशाल पथ संचलन

भिण्ड, 05 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का विजयदशमी के उपलक्ष्य में भिण्ड नगर का विशाल पथ संचलन निकला। जिसकी शुरुआत शा. उमावि क्र.दो विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम शस्त्र पूजा से हुई। यहां आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय मार्गदर्शक मण्डल के सदस्य भैयाजी जोशी, विभाग संघचालक नवल सिंह भदौरिया, नगर संघचालक डॉ. शैलेन्द्र परमार एवं जैन मुनि विश्रांत सागर महाराज मंचासीन रहे।


विजयदशमी पर एकत्रित स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत हिन्दू समाज को शक्तिशाली बनना है और विश्व में शक्तिशाली के रूप में खड़ा करना है, जिसका प्रयोग किसी को हताहत करने के लिए कभी नहीं किया, हमेशा भारत का विश्व कल्याण का चिंतन रहा है, उसने कभी अपनी शक्ति का उपयोग दूसरों को हानि पहुंचाने के लिए नहीं किया, आज शक्ति पूजा का दिवस है, प्रत्येक समाज व व्यक्ति को शक्तिमान तो बनना है पर उस शक्ति का उपयोग राष्ट्र की मजबूती के लिए होना चाहिए, भारत से जब भी कोई बाहर गया है तो उसने शास्त्र की शक्ति से विजय हासिल की है, आज दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि सज्जन शक्ति संगठित नहीं है पर दुर्जन शक्ति संगठित है, सज्जनों को शक्तिशाली बनना होगा और शक्तिशालियों को सज्जन बनना होगा।


जैन मुनि विश्रांत सागर महाराज ने भी विजयादशमी पर स्वयं सेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शस्त्र व शास्त्र का उपयोग राष्ट्रहित में होना चाहिए, उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्र हित के कार्यों की सराहना की।

पथ संचलन का नगर में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का पथ संचलन नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ पुन उसी स्थान पर पहुंचा। जहां रास्ते में पथ संचलन में निकल रहे स्वयं सेवकों का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। विजयादशमी पर परंपरागत निकलने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पथ संचलन का सदर बाजार में अग्रवाल समाज द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में ओमप्रकाश अग्रवाल बाबूजी, डॉ. हिमांशु बंसल, ज्योति अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, शैलू अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग उपस्थित रहे। वहीं परेड चौराहे पर मातृशक्ति द्वारा स्वागत किया गया, जिसमें राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर, सीमा शर्मा, ऊषा नगरिया, आभा जैन, श्रीमती मुन्नी पाराशर, कमलेश जुनेजा, अनीता चौपाड़ा समेत काफी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने स्वागत किया।