किसान के बेटे जैनेन्द्र कुमार ने जिले का नाम बड़े गौरव से किया रोशन

– कठिनाइयों से संघर्ष कर पुलिस सेवा में हासिल किया डीएसपी का पद

भिण्ड, 10 नवम्बर। जिले के डोंगरपुरा गांव हाल भीम नगर के निवासी किसान के बेटे जैनेन्द्र कुमार निगम ने मेहनत और लगन से डीएसपी (डिप्टी सुपरिंटेन्डेंट ऑफ पुलिस) बनने का गौरव हासिल किया है। जैनेन्द्र कुमार ने तीसरे प्रयास में यह सफलता पाई।
जैनेन्द्र कुमार राज्य सेवा परीक्षा 2020 में नायब तहसीलदार के पद पर चयनित किए गए थे और वर्तमान में मंदसौर की गरौठ तहसील में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। निगम वन सेवा परीक्षा 2020 में रेंजर के पद पर भी चयनित किए गए थे किन्तु ज्वाइनिंग नहीं की। जैनेन्द्र कुमार निगम राज्य प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2022 में सहायक संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर भी चयनित किए गए थे। उनके पिता केशव कुमार जाटव खेती करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां कुसुमदेवी गृहिणी हैं। जैनेन्द्र ने चार विषय में एमए की डिग्री प्राप्त की। वे तीसरे प्रयास में परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर डीएसपी बने।
जैनेन्द्र कुमार ने अपने माता-पिता के साथ जीवन में बहुत कठिनाइयों से संघर्ष किया, किन्तु हार नहीं मानी और पुलिस सेवा में डीएसपी का पद हासिल किया। उनकी कहानी यह दिखाती है कि सीमित संसाधन और पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद, अगर हौसला और मेहनत मजबूत हो तो कोई भी मुकाम पाया जा सकता है। जैनेन्द्र कुमार निगम की यह उपलब्धि उनके लिए, उनके परिवार के लिए और पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उनके संघर्ष और सफलता की कहानी युवाओं को प्रेरित करने वाली है कि वे भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ता से प्रयास करें। इस तरह एक साधारण किसान के परिवार से आए जैनेन्द्र कुमार ने न केवल खुद को बल्कि अपने गांव और जिले का नाम भी बड़े गौरव से रोशन किया है।