भिण्ड, 20 सितम्बर। शहर के महावीर गंज इलाके में शुक्रवार की मध्यरात्रि कुछ युवकों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला के कंधे में छर्रा लग गया। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फरियादी ने हमले का कारण बिजली बिल अधिक आना बताया है, जबकि पुलिस की प्राथमिक जांच में सट्टे के पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। उस समय कॉलोनीवासी अपने-अपने घरों में आराम कर रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज गूंजी और करीब 10 से 15 राउण्ड फायरिंग की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ युवक अवैध हथियार लहराते हुए गोलियां चला रहे थे। यह दृश्य देखकर लोग दहशत में अपने घरों के अंदर दुबक गए।
पीड़ित पक्ष के अमित सिंह तोमर ने पुलिस को बताया कि वह बिजली कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी है। आरोपियों ने बिजली बिल ज्यादा आने की रंजिश में हमला किया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामला सट्टे के पैसों के लेन-देन और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से सट्टे के कारोबार को लेकर तनातनी थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को फरियादी अमित सिंह तोमर को थाने बुलाकर पूछताछ भी की थी। इसके बाद तनाव बढ़ा और रात करीब 10.15 बजे यह फायरिंग हुई। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेन्द्र सिंह सेंगर के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।