हर घर तिरंगा यात्रा को प्रत्येक मण्डल में संकल्प लेकर संपन्न कराएं कार्यकर्ता : आर्य

– स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा को कार्यकर्ता जमीनी रूप प्रदान करें : नरवरिया
– हर घर तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारी को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

भिण्ड, 04 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी केन्द्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशनुसार संगठनत्मक कार्यक्रमों को अमलीजामा पहनाने के लिए पार्टी की जिला स्तरीय बैठक संस्कृति गार्डन में आयोजित की गई। जिसमें हर घर तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर कर योजना तैयार की गई। बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्वमंत्री लालसिंह आर्य एवं जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि लालसिंह आर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर समाज को अपनी राष्ट्रीयता से जोडती है, राष्ट्रवाद में हमारी विचारधारा में राष्ट्र प्रथम है और इस संकल्प को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी राज्य सरकार ने विकास और प्रकृति का मार्ग प्रस्तुत कर रही है। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर हर वर्ष भाजपा कार्यकर्ता आम जनमानस के साथ तिरंगा यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से देश भक्ति के कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित करते हुए देश की एकता एवं अखण्डता के प्रति संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको स्मरण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के लिए सबका जोश हाई रहता है, गरीब हो, अमीर हो, छोटा घर हो या बडा घर हो, हर कोई तिरंगा लहराकर गर्व का अनुभव करता है। जब कॉलोनी या सोसाइटी के एक-एक घर पर तिरंगा लहराता है तो देखते-देखते दूसरे घरों पर तिरंगा दिखने लगता है। यानि हर घर तिरंगा अभियान तिरंगे की शान में एक यूनिक फेस्टिबल (अनोखा उत्सव) बन चुका है। तिरंगे को लेकर यह उल्लास, यह उमंग हमें एक दूसरे से जोडती है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने आगामी पार्टी के संगठनत्मक कार्यक्रमों का प्रतिवेदन कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत करते हुए कहा कि 10 से 14 अगस्त तक प्रत्येक मण्डल में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाना चाहिए। इन कार्यक्रमों में युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की प्रमुख भूमिका होनी चाहिए। आम जनता की अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करना है। 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों और प्रतिष्ठानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा फहराना सुनिश्चित किया जाए। जहा संभव हो वहां ध्वजारोहण बच्चों के हाथों से करवाया जाए। 15 अगस्त की शाम को तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतारना सुनिश्चित किया जाए। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुडे स्मारकों, युद्ध स्मारकों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुडे महत्वपूर्ण स्थलों के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाया जाए। स्वच्छता अभियान के उपरांत सभी स्थानों पर पुष्पांजलि अर्पित करें। प्रत्येक मण्डल में युद्धवीरों, शहीदों, देश की सेवा में प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस कर्मियों के घर पहुंचकर उनके परिजनों को सम्मानित किया जाना है।
नरवरिया ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्यकर्ता और प्रदेशों के वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी सीमा चौकियों का दौरा करें एवं सैनिकों को सम्मानित करें। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जिले में मौन जुलूस उपयुक्त बैनर व प्लेकार्डस के साथ निकालना है, हॉल मीटिंग्स आयोजित करना एवं विभाजन से प्रभावित लोगों से भेंट एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाना है। इन कार्यक्रमों में सभी स्तरों पर जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सभी स्थानों पर सुनिश्चित की जाए। इसके लिए समय रहते संबंधित अधिकारियों एवं खादी भंडार केन्द्रों से संपर्क किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा हर घर तिरंगा तिरंगा यात्रा एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के सफल कियान्वयन हेतु जिला स्तर पर टोली गठित की गई है। बैठक में बताया गया कि मण्डल बैठक 7 और 8 अगस्त को आयोजित करना है। सभी कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी और फोटो संगठन ऐप, नमो ऐप व सरल पोर्टल पर अपलोड की जाए।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के प्रभारी सज्जन सिंह यादव एवं आभार जिला उपाध्यक्ष सुधा राठौर ने व्यक्त किया। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, पूर्व सांसद डॉ. रामलखन सिंह, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट, मायाराम शर्मा एडवोकेट, डॉ. रमेश दुबे, रोमेश महंत, शैलेन्द्र सिंह राजावत, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह भदौरिया विशेष रूप से मंचासीन रहे।
पूर्व विधायक समाधिया एवं आयुष अनंत को दी श्रद्धांजलि
जिला बैठक के उपरांत भाजपा के वरिष्ठ नेता, अटेर के पूर्व विधायक लोकतांत्रिक सेनानी शिवशंकर समाधिया एवं भाजपा जिला महामंत्री मनोज अनंत के छोटे पुत्र आयुष अनंत के निधन पर पार्टी नेता एवं कार्यकर्ताओं ने 2 मिनट का मौन धारण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से आत्मा शांति की प्रार्थना करते हुए उनके परिवार जनों को ढांढस बधाया।