राष्ट्रगान जन-गण-मन भारत की आजादी का अभिन्न हिस्सा : प्रो.अली

– गौरी सरोवर पर हुआ सामूहिक गायन का आयोजन

भिण्ड, 03 अगस्त। हम फाउण्डेशन जिला भिण्ड द्वारा माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाले 2 मिनट राष्ट्र के नाम राष्ट्र का करें सम्मान जन-गण-मन का सामूहिक गायन गौरी सरोवर के पीछे बने राष्ट्रगान पार्क में गया गया। इस अवसर पर हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय वित्त महामंत्री शैलेश सक्सेना, जिला अध्यक्ष विपुल सेठ, जिला महामंत्री दिनेश नरवरिया, तीनों शाखा के अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, संतोष नरवरिया, योगेश शर्मा, सचिव शिवम श्रीवास्तव, अजीत उपाध्यक्ष, कार्यक्रम संयोजक अंकित बंसल सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगान जन-गण-मन गायन से किया गया।
हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि राष्ट्रगान जन गण मन भारत की आजादी का अभिन्न हिस्सा है, इसे पूर्ण सम्मान देना और इसके सम्मान की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि जन गण मन भारत का राष्ट्रगान है जो देश का गौरव और देश का मिसाल कायम रखने वाला है। जिलाध्यक्ष विपुल सेठ ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि हम सभी को राष्ट्रगान सावधान में खडे होकर गाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश की एकता और अखण्डता का प्रतीक है यह देश के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढावा देता है। इसी क्रम में सिटी शाखा के अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया ने कहा कि जन-गण-मन भारत का राष्ट्रगान है, इसे सामूहिक रूप से गाया जाता है, यह एक देश भक्ति गीत है। इस अवसर पर संतोष सिंह नरवरिया, दिनेश लोधी और योगेश शर्मा ने भी अपने विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन शैलेश सक्सेना और आभार शिवम श्रीवास्तव ने किया।