– कलेक्टर एवं जिंप सीईओ की उपस्थिति में की गई जल निकासी
– कलेक्टर ने महिदपुर पहुंचकर ग्रामीणों और अधिकारियों से की चर्चा
ग्वालियर, 18 जुलाई। तिघरा जलाशय का जल स्तर बढने के कारण शुक्रवार को दोपहर भी गेट खोलकर पानी छोडा गया। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विवेक कुमार की उपस्थिति में जलाशय के गेट खोलकर जल निकासी की गई। जल निकासी से पूर्व जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा चेतावनी के लिए सायरन भी बजाए गए और प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पूर्व से ही जल निकासी की सूचना देकर सचेत किया गया। कलेक्टर ने जल निकासी के पश्चात महिदपुर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की तथा महिदपुर पुल के ऊपर से निकल रहे पानी के कारण यातायात को रोकने के लिए की गई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने तिघरा जलाशय पहुंचकर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने तिघरा जलाशय में आ रहे वर्षा जल के बारे में भी जानकारी ली तथा सतत निगरानी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि तिघरा जलाशय से पानी छोडने के पहले प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को भी सूचित किया जाए तथा उन्हें सचेत रहने का भी आग्रह किया जाए।
कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने महिदपुर गांव पहुंचकर ग्रामीणों और पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा की। तिघरा जलाशय से पानी छोडे जाने के कारण महिदपुर पुलिया पर पानी का स्तर बढा हुआ था और आवागमन बंद था। कलेक्टर ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पुलिया के दोनों ओर यातायात को रोकने के लिए मजबूत बैरियर स्थापित किए जाएं। इसके साथ ही दोनों ओर आम जनों को सूचना के लिए बोर्ड भी स्थापित किए जाएं। रात्रि के समय प्रकाश की व्यवस्था हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए।