पौधारोपण पुण्य कार्य, यह हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा : नरवरिया

– भाजपा जिलाध्यक्ष ‘एक पेड मां के नाम’ के तहत विभिन्न मण्डलों में आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल

भिण्ड, 08 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पौधारोपण के संकल्प को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे ‘एक पेड मां के नाम’ पौधारोपण अभियान में मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मण्डलों में भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया शामिल हुए। उन्होंने कई किस्म के पौधों को लगाकर उसमें जलदान दिया और कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों को संकल्प दिलाया कि हम पेड जरूर लगा रहे हैं लेकिन उसकी देख-रेख करें। जैसे हम अपने परिवार के बच्चों का पालन पोषण करते हैं, इसी तरह हमें अपने पेडों का करना चाहिए, जो कि बडे होकर हमें ऑक्सीजन दे सकें, जिसके लिए हम सबकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने जनक गार्डन मेहगांव, दंदरौआ, मौ, असवार कांक्सी सरकार एवं लहार विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल रावतपुरा में रामलाल के दर्शन कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण का महत्व हमारे जीवन में अत्यधिक है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि वे पर्यावरण को भी संतुलित रखते हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से भूमिगत जलस्तर में वृद्धि होती है और मृदा कटाव को रोका जा सकता है। इससे वन्यजीवों को भी आश्रय मिलता है और जैव विविधता को बढावा मिलता है। पेड मिट्टी को बांधकर रखते हैं और बाढ को रोकते हैं। वे हमें फल, फूल और लकडी देते हैं। वृक्ष छाया प्रदान कर गर्मियों में तापमान को नियंत्रित करते हैं। पेड कार्बन डाइऑक्साइड सोखते हैं और ऑक्सीजन छोडते हैं। इससे जलवायु परिवर्तन को रोकने में मदद मिलती है। हमें पौधारोपण को एक सामूहिक अभियान बनाना चाहिए और अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। पौधारोपण से हमारा पर्यावरण हरा-भरा और स्वस्थ बनेगा। इसके द्वारा हम अपनी आने वाली पीढियों को एक सुरक्षित और सुखद भविष्य दे सकते हैं। पौधारोपण एक पुण्य का कार्य है जिसे हमें मिलकर करना चाहिए।
जिला अध्यक्ष नरवरिया ने दंदरौआ धाम में पहुंच कर डॉक्टर हनुमान के दर्शन कर 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज (दंदरौआ सरकार) से आशीर्वाद लिया। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव, जिला सोशल मीडिया प्रभारी मोनू नरवरिया, मेहगांव मण्डल अध्यक्ष नीरज शर्मा, महामंत्री अरविन्द सिंह भदौरिया एवं कालीचरण शाक्य, मौ मण्डल अध्यक्ष रामअख्तियार सिंह गुर्जर, रघुवीर सिंह पवैया, फरेन्द्र सिंह सिकरवार, रामू कुशवाहा, अनूप त्यागी, रामकुमार जादौन, महामंत्री अशोक गोयल आदि कार्यकर्ता शामिल थे।