गायत्री प्रज्ञापीठ पर गुरू पूर्णिमा महोत्सव 9 जुलाई से

भिण्ड, 08 जुलाई। शहर के कुम्हरौआ स्थित मां गायत्री प्रज्ञा पीठ परिसर में नौ जुलाई को गुरू पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।
जानकारी देते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार गायत्री प्रज्ञा पीठ कुम्हरौआ के सदस्यों ने बताया कि नौ जुलाई को सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक साधकों द्वारा सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र अखण्ड जाप व गायत्री मंत्र लेखन कार्य पूर्ण होने के उपरांत 5 से 6 बजे तक दीपयज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 10 जुलाई को सुबह 8 बजे से पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ प्रारंभ होगा व साथ में गुरुदेव व माताजी का पूजन कार्यक्रम सनातनी एवं ऋषि परंपरानुसार संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर सभी साधक धर्मप्रेमी भाई-बहिन से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया गया है।

गुरू पूर्णिमा पर जैतपुर जाएंगे भिण्ड के श्रद्धालु

भिण्ड। गणाचार्य विराग सागर महाराज एवं परंपराचार्य विशुद्ध सागर महाराज के शिष्य मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज मुनि विश्वसाम्य सागर महाराज आगरा उप्र से पद बिहार करते हुए 10 जुलाई गुरुवार को जैतपुर पहुंचेंगे। वहां पर गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन धूमधाम से होने जा रहा है। जानकारी देते हुए पार्षद मनोज जैन ने बताया कि मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ससंघ ताज नगरी आगरा में बेदी प्रतिष्ठा करने के पश्चात मुनिराज का विहार भिण्ड नगर के लिए 5 जुलाई को हुआ था। जगह-जगह भक्तों द्वारा उनका स्वागत किया गया एवं जैतपुर समाज द्वारा गुरू पूर्णिमा महोत्सव मनाने के लिए मुनिराज से निवेदन किया तभी मुनिराज ने स्वीकृति प्रदान की। गुरू पूर्णिमा महोत्सव 10 जुलाई गुरुवार को जैतपुर में मनाया जाएगा। सकल जैन समाज से अपील की गई है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाने के लिए भिण्ड के श्रद्धालु जैतपुर पहुंचकर गुरू का आशीर्वाद प्राप्त करें।