– मोदी के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने पर संकल्प सभा आयोजित
भिण्ड, 20 जून। केन्द्र की भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने पर गोहद नगर मण्डल द्वारा विकसित भारत संकल्प सभा भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य के मुख्य आतिथ्य में नया बस स्टैण्ड स्थित शारदा मंगलिक भवन में संपन्न हुई। मंच पर जिला सयोजक सज्जन सिंह यादव, विधानसभा संयोजक रामबाबू उपाध्याय, महेन्द्रपाल सिंह बघेल, कालीचरण तोमर, चन्द्रशेखर शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, मुकेश नागर, पिंकी सगर, विवेक जैन, मुन्नालाल माझी, रवि शर्मा, रामख्त्यार गुर्जर, अर्चना शर्मा, उमा राठौर, सुमन गुप्ता आसीन थे। मंच संचालन प्रमोद कामत ने किया।
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि यह हमारे लिए गौरवपूर्ण दिन है, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 11 वर्ष पूर्ण हुए, यह 11 वर्ष आजाद भारत के लिए विशेष वर्ष हैं। आजादी के बाद 60 वर्ष तक केन्द्र में सत्ता में रही कांग्रेस ने सिर्फ झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर सत्ता पर काबिज रह। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 11 वर्ष भारत को गौरवान्वित करने वाले हैं। कांग्रेस के 60 वर्ष व भाजपा के 11 वर्ष कुछ तो अंतर है। आज हिन्दुस्तान की चारों दिशाओं में विकास की अनवरत श्रृंखला स्थापित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास की अवधारणा का साकार रूप दिया जा रहा है। तीन तलाक को समाप्त कर सबको समान अधिकार प्रदान किए, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया, पिछडा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा एवं सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था दी।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने तो हमें शांति के साथ उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होना सिखाया है, लेकिन कोई हमें छेडेगा तो हम उसे छोडेंगे नहीं, आज का भारत मोदी का भारत है, जो घर में घुसकर मारने का माद्दा रखता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा संविधान के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि अगर भाजपा की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार बनी तो आरक्षण समाप्त कर संविधान बदल देगी। जबकि कांग्रेस द्वारा कश्मीर भारत का अंग होने पर भी धारा 370 लगाकर कश्मीर को मुख्य धारा से अलग कर दिया, 1975 में इन्दिरा गांधी के चुनाव को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा शून्य घोषित होने पर आपातकाल लागू किया, 1977 में मूल अधिकारों में परिवर्तन कर स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति को छीनकर विपक्ष के 3 लाख 50 हजार लोगों को जेल में बंद किया, कांग्रेस ने संविधान में 92 बार संशोधन किए एवं 72 बार चुनी हुई सरकार को बर्खास्त किया। जबकि भाजपा ने संविधान में 9 बार संशोधन किए हैं, वो भी जनता के हित में। मंच को जिला संयोजक सज्जन यादव, विवेक जैन आदि ने भी संबोधित किया। आभार नगर मण्डल महामंत्री विनोद माहोर ने व्यक्त किया।