– जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मेहदौली में कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 03 अप्रैल। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सामाजिक क्षेत्र एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज सेवियों का सम्मान कार्यक्रम जनपद पंचायत मेहगांव की ग्राम पंचायत मेंहदौली में आयोजित किया गया। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने संबोधित कर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च से 30 जून तक चलाया जा रहा है। इस अभियान में जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार के विभिन्न कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दौर में यह हमारा दायित्व है कि प्रकृति संरक्षण के सामुदायिक प्रयास किए जाएं। जल को संरक्षित करने में शासन-प्रशासन के साथ जनभागीदारी आवश्यक है। हमारे इन्हीं प्रयासों से आगामी समय में जल संकट से मुक्ति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि जल का उपयोग अधिक हो रहा है और भूमि जल स्तर कम हो रहा है, अगर जल संरक्षण की दिशा में हम कोई कदम नहीं उठाएंगे तो आने वाली पीढी को क्या देकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए कार्यों से सार्थक परिणाम देखने को मिले हैं। निश्चित ही इस वर्ष भी अभियान के तहत जन भागीदारी के समन्वय से अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में सभी लोग अपने सामुदायिक दायित्व को समझें, जब तक समाज आगे नहीं आएगा, तब तक सरकार एवं प्रशासन इस अभियान को सार्थक नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जल संग्रहण एवं संरक्षण के लिए जनसहयोग एवं जन भागीदारी के माध्यम से प्रयास किए जाने के लिए यह अभियान प्रारंभ किया गया है।