तालाब के सौंदर्यीकरण, गहरीकरण हेतु किया श्रमदान

-जल गंगा संवर्धन अभियान तहत ग्राम पंचायत ऊमरी में हुआ आयोजन

भिण्ड, 02 अप्रैल। शासन के निर्देशानुसार जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च से 30 जून तक चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जनपद पंचायत भिण्ड की ग्राम पंचायत ऊमरी में ऊमरेश्वर महादेव मंदिर वाले तालाब का सौन्दर्यीकरण, गहरीकरण किये जाने हेतु जन सहयोग से श्रम दान किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एलके पाण्डेय, कार्यपालन यंत्री आरईएस आरएल शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भिण्ड राजीव मिश्रा, सहायक यंत्री जनपद पंचायत भिण्ड, सरपंच, सचिव व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अभियान में तालाब का सौंदर्यीकरण शासन द्वारा प्रावधानित राशि व जन सहयोग से किया जाएगा।

गीता स्वाध्याय पाठ का वचन 3 को

भिण्ड। विश्व गीता प्रतिष्ठानम भिण्ड के तत्वावधान में घर-घर गीता का प्रचार हो, सदाचार और सदविचार हो को जागरूक करने के लिए स्व. मनोज ऋषीश्वर की पुण्य स्मृति में गीता स्वाध्याय पाठ का वाचन तीन अप्रैल को केडीआर स्कूल हाउसिंग कॉलोनी में होने जा रहा है। जानकारी देते हुए विश्व गीता प्रतिष्ठानम के जिला प्रभारी विष्णु कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार को दोपहर 3.30 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप ग्वालियर से डॉ. विष्णु नारायण तिवारी, अंजना चौहान, पवन पुरोहित, रघुराज दैपुरिया, अवध विहारी शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।