भिण्ड, 21 मार्च। शासकीय महाविद्यालय आलमपुर में सत्र 2024-25 की महाविद्यालयीन खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को पुरस्कार वितरण किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महेन्द्र चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव ने की। अन्य अतिथियों में समिति सदस्य द्वारिका प्रसाद विलैया, महेल्द्र गहलोत मौजूद थे।
सत्र 2024-25 में शासकीय महाविद्यालय द्वारा विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिनमें 100 मीटर दौड, 500 मीटर दौड, 1000 मीटर दौड, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, गोला फेक, भाला फेंक, डिस्क थ्रो, लंबीकूद, ऊंचीकूद, टेनिस, शतरंज, वॉलीबॉल, कबड्डी छात्र-छात्रा वर्ग में अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत, सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महेन्द्र चौधरी ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव ने कहा कि विद्यार्थी खेलों में बढ-चढकर भाग लें, खेल जीवन का हिस्सा होना चाहिए। अपने प्राचीन खेलों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। महाविद्यालय प्राचार्य भगवान सिंह निरंजन ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों को महाविद्यालय से अधिक से अधिक जोडना, पढने बुलाना, उनमें टीम भावना, एकता और अनुशासन पैदा करना था। इस वर्ष जिन्हें पुरस्कार नहीं मिला वह आगे तैयारी करें। विद्यार्थी जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर खेलकर महाविद्यालय के साथ साथ अपने माता पिता का नाम रोशन करें। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन अनिल चौधरी ने किया एवं आभार व्यक्त डॉ. नीरज कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम में डॉ. शिवेन्द्र मणि शुक्ल, अब्दुल इशाक शेख, आदित्य दिवोलिया, जीपी कुशवाह, लाखन सिंह कौरव, संजय नायक, अनूप उदेनिया, अमित कौरव, बलवीर सिंह, अजय शर्मा, अजय कुशवाह, मनोज गुप्ता, ऋषि त्रिवेदी सहित विद्यार्थी उपस्थित थे।