-दंदरौआ धाम में डॉक्टर हनुमान के दर्शन के लिए पहुंचे
भिण्ड, 04 मार्च। मंगलवार को धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में डॉक्टर हनुमान के दर्शन के लिए बडी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने राम दरबार और डॉक्टर हनुमान के दर्शन कर महंत महामंडलेश्वर रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया।
रामदास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मनुष्य को सद्गुरु के आदेश का पालन करना चाहिए। सद्गुरु के बताए हुए मार्ग से ही व्यक्ति का कल्याण होता है, जरूरी नहीं कि सद्गुरु शारीरिक रूप से व्यक्ति के साथ रहे। लेकिन सद्गुरु का आशीर्वाद, सद्गुरु की कृपा व्यक्ति के साथ रहती है। उन्होंने कहा कि परमात्मा से मनुष्य को सहज ही भक्ति करनी चाहिए। परमात्मा से सहज ही प्रेम करो, जैसे मां अपने बच्चे से सहज ही प्रेम करती है, लेकिन संसार में मनुष्य परमात्मा से कुछ पाने के लालच में प्रेम करते है या किसी प्रकार से भय के कारण प्रेम करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान मनुष्य को विपत्ति से नहीं बचाते हैं, क्योंकि विपत्ति तो मनुष्य के जीवन में उनके कर्मों से आती है, लेकिन भगवान विपत्ति में मनुष्य को चलने का साहस देते हैं। जैसे बारिश होने पर मनुष्य छाता लगाकर चलता है, ऐसे ही विपत्ति के आने पर भगवान की कृपा का छाता मनुष्य के ऊपर लगा रहता है। इस मौके पर रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, प्राचार्य भोलाराम शास्त्री, रामनिहोर जोशी, कपिल भारद्वाज, खडक सिंह तोमर सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।