भिण्ड, 14 अक्टूबर। ब्लॉक लहार में जन शिक्षा केन्द्र अजनार के अंतर्गत शा. माध्यमिक विद्यालय चंदावली नं.दो में पदस्थ रामेन्द्र सिंह मिंटू माध्यमिक शिक्षक का नाम अतिशेष में आने पर शासन द्वारा उनका स्थानांतरण शा. हाईस्कूल गिरवासा में किए जाने पर विद्यालय परिवार और ग्रामीणों द्वारा विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्कृष्ट संकुल प्राचार्य लहार प्रदीप शर्मा, पूर्व प्राचार्य अजनार रघुनंदन सिंह और ब्लॉक सह समन्वयक जानकीनंदन समाधिया उपस्थित रहे।
रामेन्द्र सिंह ने प्रथम नियुक्ति से आज तक निरंतर 25 वर्षों से चंदावली विद्यालय में विधिवत सेवाएं प्रदान कीं, विदाई समारोह में विद्यालयीन स्टाफ और उपस्थित शिक्षक साथियों द्वारा रामेन्द्र सिंह का तिलक, माल्यार्पण और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि रामेन्द्र सिंह सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति है और कंप्यूटर में भी दक्ष है, विद्यालय के साथ-साथ इन्होंने विभागीय अन्य कार्यों में भी हमेशा सहयोग किया है, हम सभी उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।
विदाई एवं सम्मान समारोह में नाहर सिंह, संजय वर्मा, अनूप सिंह भदौरिया, जन शिक्षक धर्मेन्द्र तिवारी, मुलायम सिंह, देवेन्द्र प्रजापति, सुधीर सिंह, सरजीत सिंह, संजीव नगाइच, छोटेलाल कुशवाहा, बजरंग सिंह और विद्यालयीन स्टाफ से देवेन्द्र सिंह, किशनू गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता, शांतकुमार पचौरी, रेनू शर्मा सहित ग्रामीण व अन्य लोग उपस्थित रहे।