मंत्री शुक्ला ने मंत्रोच्चारों के साथ पुलिस लाइन में किया शस्त्र पूजन

-भिण्ड विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भी हुए शामिल
-कलेक्टर व एसपी ने भी यज्ञ में आहुतियां देकर किया शस्त्र पूजन

भिण्ड, 12 अक्टूबर। दशहरा पर्व का सनातन धर्म में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है, दशहरा के पावन पर्व पर शक्ति और सुरक्षा का प्रतीक माना जाने वाला शस्त्र पूजन पर पुलिस लाईन भिण्ड में उत्साह, उमंग व धूमधाम के साथ शस्त्रों की पूजा की गई। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया की विशेष उपस्थिति में जिले का मुख्य शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक भी इस शस्त्र-पूजन में शामिल हुए।

बुराई पर अच्छाई की जीत के महापर्व विजय दशमी पर पुलिस लाइन में आयोजित हुए कार्यक्रम में नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने सनातन संस्कृति के विधि-विधानों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच पवित्र यज्ञ में आहुतियां देकर शस्त्र पूजन किया। इसके बाद मंगल आरती की गई। मुख्यमंत्री की पहल पर इस वर्ष प्रदेश में दशहरा पर्व सरकार और समाज मिलकर धूमधाम के साथ मना रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के तहत मंत्री राकेश शुक्ला व विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह की मौजूदगी में इस साल दशहरा पर्व पर भिण्ड के पुलिस लाइन में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष का दशहरा पर्व महिला सशक्तिकरण और सुशासन की प्रतीक लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित किया गया है। देवी अहिल्याबाई ने देशभर में जन-कल्याण के अनेक महती कार्य संपन्न करवाए। इन कार्यों की स्मृति और देवी अहिल्याबाई के योगदान से आज की पीढी को अवगत करवाने और उनके सम्मान में दशहरा पर्व पर शस्त्र-पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंत्री राकेश शुक्ला व विधायक भिण्ड सहित सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने जिले वासियों को दशहरा पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि बुराई पर अच्छाई के प्रतीक इस दशहरा पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं।