हरियाणा में हैट्रिक से मोदी की गारंटी बरकरार : मुदगल

भिण्ड, 09 अक्टूबर। हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक लगने पर लगातार तीसरी बार जीत का परचम फहराने पर भाजपा कानूनी एवं विधि विभाग के संयोजक अर्पित मुदगल ने जाति की जलेबी बना रहे राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश अब कांग्रेस की जातिगत राजनीति और देश को बांटने के मंसूबे को बखूबी समझ रही है लेकिन बेचारी कांग्रेस समझ नहीं पा रही कि अपने नेता के नाकामी का ठीकरा किस पर फोडा जाए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने जातिवाद और परिवाद को आईना दिखाया है। कांग्रेस के झूठ की राजनीति को जनता पूरी तरह नकार रही है। हरियाणा के साथ जम्मू-कश्मीर भी इसका उदाहरण है, जहां कांग्रेस दहाई का आंकडा भी नहीं छू पाई। मुदगल ने कहा जिस तरह हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है और भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत दिया है। वहीं जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के बूथ-बूथ पर सजग प्रहरी की तरह काम करने वाले सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।