खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलावटखोरों पर कार्रवाई निरंतर जारी
भिण्ड, 01 मार्च। कलेक्टर भिण्ड संजीव श्रीवास्तव के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन भिण्ड के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा वनखण्डेश्वर रोड स्थित दो प्रतिष्ठानों पर छापा मार कार्रवाई की गई। इनमें अजय जैन पुत्र रमेश चंद्र जैन द्वारा स्वयं के मकान में मैनपुरी तंबाकू का निर्माण, सुपारी चूरा, तंबाकू पत्ती, लौंग, इलायची, चूना, पिपरमेंट, सुगंध डालकर करना पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में किसी भी खाद्य पदार्थ में तंबाकू (निकोटीन) मिलाकर विक्रय किया जाना प्रतिबंधित है। मौके पर उक्त कार्य हेतु कोई खाद्य पंजीयन भी प्रस्तुत नहीं किया गया। परिसर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। जिन एसेंस का उपयोग मैनपुरी निर्माण में किया जा रहा था वह फूड ग्रेड की है अथवा नहीं उसका बिल भी प्रस्तुत नहीं किया गया। मकान में संचालित मैनपुरी इकाई से मैनपुरी तंबाकू, सुपारी चूरा, लौंग लकडी का नमूना लेकर सील किया गया। इसी प्रकार श्रीजल प्रो. खुशबू पत्नी रोहित अवस्थी द्वारा पानी के कैम्पर में आरओ वॉटर की फिलिंग कर घरेलू उपयोग में पीने हेतु विक्रय करना पाया गया। मौके पर फैक्ट्री बिना खाद्य पंजीयन संचालित पाए जाने पर सील की गई।
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा मालनपुर में नोवा फैक्ट्री से गाय का घी, शुद्ध घी, स्किम्ड मिल्क पाउडर, डेयरी व्हाइटनर, बद्रीविशाल से मिक्स मसाला, पामऑयल का नमूना लिया गया। इसी प्रकार गोहद में सत्यम डेयरी से मिश्रित दूध, कृष्ण डेयरी से मावा, जनता ऑयल मिल से मस्टर्ड ऑयल का नमूना लिया गया। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलावटखोरों पर कार्रवाई निरंतर जारी है।