भिण्ड, 15 जनवरी। गोहद नगर में आए दिन आपराधिक घटनाओं में बढोतरी हो रही है। पिछले दो-तीन महीनों के दौरान हुई वारदातें इस बात का सबूत है। इस स्थिति में पुलिस और व्यापारियों के बीच के भरोसा टूट रहा है। अब तो व्यापारियों ने निजी स्तर पर कॉलोनियों में सुरक्षा गार्ड रख लिए या फिर घर के आगे सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे हैं।
ज्ञात हो कि गोहद नगर की कृषि उपज मण्डी जिले की सबसे बडी मण्डी है। जहां पर गोहद क्षेत्र के अलावा मुरैना सहित अन्य राज्यों के किसान धान बेचने और खरीदने के लिए आते हैं। लेकिन रात के समय पुलिस की गश्त न होने की वजह से व्यापारियों के साथ लूट की घटनाएं घट चुकी हैं। वहीं व्यापारियों के वेयर हाउस में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। लूट और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए गल्ला व्यापारियों ने पुलिस के ऊपर विश्वास न करते हुए अपने स्तर पर और खुद के खर्च पर प्राइवेट सुरक्षा गार्ड रख लिए हैं, जो रात के समय व्यापारियों के घर और वेयर हाउस पर पहरा देते हैं। गल्ला व्यापारी बताते हैं कि 25 दिसंबर 2023 की रात को एक चोर को वेयर हाउस से चोरी करते हुए हम लोगों ने पकडा था। उसको पुलिस के हवाले कर दिया था। लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं हम लोग धनौली-धमसा रोड पर रात के समय गश्त बढाने की मांग को लेकर थाने में और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन दे चुके हैं। मगर उसके बाद भी पुलिस गश्त नहीं कर रही है।
अधिकांश गल्ला व्यापारियों का कहना हैं कि नगर की धनौली-धमसा रोड पर कृषि उपज मण्डी होने के साथ-साथ इस रोड पर वेयर हाउस मौजूद हैं। व्यापार की दृष्टि से यह रोड काफी महत्वपूर्ण है। उसके बाद भी पुलिस द्वारा रात के समय इस रोड पर गश्त नहीं किया जाता है। वहीं कृषि उपज मण्डी और वेयर हाउस में देर रात तक फसल खरीदी और बेचने का काम चलता रहता है, कई बार तो बाहर से आने वाले व्यापारियों के पास रात के समय नगर में रुकने की कोई व्यवस्था नहीं होती है तो उनको रात के समय ही घर वापस लौटना पडता है। इसके साथ ही व्यापारियों ने निजी सुरक्षा गार्ड रख लिए हैं। गल्ला व्यापारी हनुमंत सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस द्वारा गश्त न किए जाने की वजह से हर समय लूट और चोरी की घटनाएं होने का डर बना रहता था। लिहाजा सभी गल्ला व्यापारियों ने सामूहिक रूप से अपनी अपनी सुरक्षा हेतु सुरक्षा गार्ड रख लिए हैं, जो रात के समय घरों के बाहर सडक पर और वेयर हाउस दोनों ही जगहों पर हाथों में लाठी ओर टॉर्च लेकर पहरा देते हैं। वहीं स्थानीय गार्ड रात को पूरे समय मौजूद रहते हैं।
इनका कहना है-
पुलिस और व्यापारियों बीच मौजूद भरोसे को टूटने नहीं दिया जाएगा। धमसा-धलौनी मार्ग सहित पूरे नगर में रात का गश्त बढा दिया जाएगा। वहीं मैं खुद भी गल्ला व्यापारियों से इस संबंध में चर्चा करूंगा।
सौरभ कुमार, एसडीओपी गोहद