राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन 25 तक

भिण्ड, 15 जनवरी। महिला-बाल विकास विभाग द्वारा नारी सशक्तिकरण के लिए समाज सेवा, महिला सुरक्षा के लिए वीरता तथा साहसिक कार्यों के लिए व्यक्तिगत/ संस्थागत और सामाजिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए छह राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते है। विभाग ने वर्ष 2023 के इन पुरस्कारों के लिए 25 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय पुरस्कारों में रानी अवंतीबाई वीरता पुरस्कार के अंतर्गत वीरता के लिए एक लाख रुपए की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। समाज सेवा के लिए राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार, संस्था अथवा व्यक्ति द्वारा समाजसेवा के लिए विष्णु कुमार पुरस्कार के लिए एक-एक लाख रुपए और प्रशास्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
नारी सम्मान की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार अंतर्गत राज्य स्तर पर एक लाख रुपए की राशि और जिला स्तर पर 50 हजार रुपए की राशि तथा प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। साहसिक कार्यों के लिए अरुणा शानबाग साहस पुरस्कार में एक लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरुष/ महिलाओं की सुरक्षा के लिए राष्ट्र माता पद्मावती पुरस्कार की श्रेणी में एक लाख रुपए के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आवेदन के प्रारूप सहित पुरस्कार का पूरा विवरण विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदक अपने आवेदन की एक प्रति अपने जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला बाल विकास के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। प्रविष्टि भेजने और अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास से संपर्क किया जा सकता है।