सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस एवं माकपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
भिण्ड, 22 दिसम्बर। सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस एवं माकपा कार्यकर्ताओं ने गांधी मार्केट भिण्ड में केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
इस अवसर पर कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि आज भारतवर्ष के लिए यह काला दिन है, जहां लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो संसद बनाई गई थी और जिसको लोकतंत्र को जिंदा रखने का काम सौंपा गया था, उन्हीं लोकतंत्र के प्रहरी जो इस समय केन्द्र की सत्ता में बैठे हैं, उन्होंने लोकतंत्र की हत्या करके राजतंत्र को लागू करने का कार्य किया है। लोकतंत्र की आवाज को उठाने वाले सांसदों की आवाज को दबाने के लिए उनका निष्कासन किया है।
इंडिया गठबंधन के सदस्य माकपा जिला सचिव अनिल दौनेरिया ने कहा कि केन्द्र सरकार तानाशाह के रूप में काम कर रही है, इसलिए उन्होंने आधी संसद संसद भवन से बाहर कर दी। भाजपा सरकार की ये तानाशाही स्वस्थ लोकतंत्र के लिए चिंता जनक है। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष प्रदीप जैन, ग्रामीण अध्यक्ष सूरजपाल सिंह राजावत, प्रमोद दीक्षित, संजय सिंह यादव, बलराम जाटव, योगेश यादव, सोनू राजावत, राजू त्रिवेदी, माकपा मण्डल सदस्य विनोद सुमन, जिला कमेटी सदस्य नदीम खान, क्षेत्रीय सचिव भिण्ड रामचन्द्र सिंह भदौरिया, बंटू सोनी, राजू सोनी, कमलेश जाटव, अनुराग भारद्वाज, राजवीर खन्ना, हेमचंद जैन, रामरतन यादव आदि उपस्थित रहे।