संपत्ति विवाद के चलते कलयुगी बेटों ने बुजुर्ग पिता को गोली मारकर मौत के घाट उतारा

दोनों भाइयों ने 10 साल पहले एक भाई को दे दिया था जहर

भिण्ड, 02 अक्टूबर। शहर के गोविन्द नगर इलाके में दो कलयुगी बेटों ने अपने एक चचेरे भाई तथा एक अन्य युवक के साथ मिलकर अपने 70 साल के बुजुर्ग पिता को दौड़ाकर गोलियां दागकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। करीब 10 साल पहले इन्हीं दोनों भाइयों ने अपने एक भाई को जहर देकर मार दिया था, जिससे बुजुर्ग पिता इन लोगों से बेहद नाराज थे।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात अतिबल सिंह यादव पुत्र पन्नालाल यादव उम्र 74 साल निवासी ग्राम रमा, थाना सुरपुरा, हाल गोविन्द नगर भिण्ड अपने गांव में जमीन जुतवा कर गांव स्थित अपने घर की ओर वापस पहुंचे, जहां उनका दोनों बेटों से विवाद हुआ। विवाद के चलते शनिवार की सुबह अतिबल सिंह के दोनों बेटे धर्मवीर यादव और संजय यादव अपने चचेरे भाई और एक अन्य व्यक्ति के साथ भिण्ड शहर में गोविन्द नगर स्थित अपने पिता के घर पहुंचे। उन्होंने पिता पर ताबड़तोड़ चार फायर किए, चारों गोली अतिबल में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच आंरभ कर दी है।

पिता भागा, बेटों ने दागी गोलियां

घटना के दौरान पीडि़त पिता अपनी जान बचाने के लिए भागता रहा, लेकिन निर्दयी बेटे लगातार फायरिंग करते रहे। घटना के बाद ही चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे जिला अस्पताल में पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने तेजी से चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

बेटों से अलग रह रहे थे पिता

जिले के अटेर अनुभाग में सुरपुरा थाना इलाके के रमा गांव निवासी अतिबल सिंह यादव पारिवारिक विवाद के चलते भिण्ड शहर के गोविन्द नगर इलाके में अपने दोनों बेटों से अलग रह रहे थे। अतिबल के मझले बेटे की कुछ समय पहले जहर से मौत हो गई थी। बेटे की मौत का शक पिता को अपने बड़े और छोटे बेटे पर था। इसी के चलते अतिबल ने अपनी जमीन से छोटे और बड़े दोनों बेटों को बेदखल कर दिया था।

चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज

शहर के गोविन्द नगर इलाके में अल सुबह हुई वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने फरियादिया विजय लक्ष्मी पत्नी महेश यादव उम्र 36 साल की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपीगण धर्मवीर एवं संजय पुत्र अतिबल यादव, फोजी पुत्र बृह्मजीत यादव निवासीगण वार्ड क्र.36 गोविन्द नगर भिण्ड एवं एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। मृतक फरियादिया का ससुर था।