ब्राह्मण ने कभी जातिवाद को बढ़ावा नहीं दिया : मित्रेश चतुर्वेदी

विप्रजन संवाद एवं ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजित

भिण्ड, 01 अक्टूबर। राष्ट्रीय विप्र एकता मंच द्वारा शिव उत्सव वाटिका अटेर रोड पर विप्रजन संवाद एवं ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी जातिगत आरक्षण तथा एससी/एसटी एक्ट को लेकर सरकारों पर जमकर बरसे। कार्यक्रम के आयोजक प्रदेश अध्यक्ष दीपू दुबे थे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में आशीर्वचन देने के लिए पधारे दंदरौआ सरकार श्रीश्री 1008 महाण्डलेश्वर श्री रामदास जी महाराज से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम एवं भोलेनाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम का संचालन एकता मंच के प्रदेश महासचिव प्रवेश मिश्रा एवं युवामोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष जोशी ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी ने ब्राह्मण समूह को संबोधित करते हुए कहा कि जातिवाद के लिए ब्राह्मण दोषी नहीं है। ब्राह्मण ने कभी जातिवाद को बढ़ावा नहीं दिया। जातिवाद को बढ़ावा सरकारों ने और देश के संविधान ने दिया है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण जाति नहीं संस्कार है, ज्ञान का भंडार है। लोगों को ज्ञान बांटकर उनका मार्गदर्शन करना ब्राह्मण समाज का कर्तव्य रहा है। ब्राह्मण ने हमेशा सभी वर्गों के भले के लिए कार्य किया है। मैंने कभी अपने बारे में नहीं सोचा, बल्कि सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीति का पालन किया और शासन सत्ता के लिए भी दूसरे लोगों को अवसर दिया।
दंदरौआ सरकार श्रीश्री 1008 श्री रामदास जी महाराज ने कहा कि हमारे शास्त्रों के मुताबिक चार वर्ण हैं, ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र। ब्राह्मण को सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, अन्य तीन वर्णों का मार्गदर्शन करते हुए सभी को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी ब्राह्मण समाज के ऊपर है। ब्राह्मण समाज स्वयं जागरुक एवं संगठित होकर अन्य समाजों की भलाई के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करें, सामाजिक बुराइयों को दूर किया जाए, जब धर्म पर आंच आती है, भगवान स्वयं धरती पर आकर अत्याचार का अंत करते हैं।
इससे पूर्व ढोल नगाड़ों के साथ भिण्ड की सीमा पर युवामोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक दुबे और वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष जोशी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी, दंदरौआ सरकार एवं राष्ट्रीय संगठन प्रभारी विजयवर्ती पाठक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अवधेश तिवारी, राष्ट्रीय सचिव तरुण चतुर्वेदी, युवामोर्चा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मोहित उपाध्याय का स्मृति चिन्ह एवं देकर के शानदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर राघवेन्द्र कांकर, भूरे दीक्षित, नवल श्रोती, राधमोहन कटारे, अनुज शर्मा, प्रेमनारायण शर्मा, राजेश पचौरी सहित सैंकड़ों विप्र बंधु मौजूद रहे।