भिण्ड, 11 नवम्बर। आलमपुर में प्राचीन सिद्ध स्थल हरिहरेश्वर बड़ी माता मन्दिर पर खाटूश्याम परिवार एवं नगर वासियों के सहयोग से आयोजित श्रीराम कथा का मंगलवार को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया।
कथा प्रवक्ता स्वामी रामसुख दास ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी कई कथाएं श्रवण कराई। कथा के दौरान भगवान श्रीराम का राज्य अभिषेक लीला का बाल कलाकारों द्वारा जीवंत मंचन भी किया गया है और भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक कर जैसे ही राजगद्दी पर बैठाया गया तो समूचा कथा स्थल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। श्रीराम कथा समापन के पश्चात नगर के प्रमुख मार्गों पर डीजे बैण्ड के साथ भगवान श्रीराम दरवार सहित अन्य देवी देवताओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें दो हजार से अधिक लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में जहां खाटूश्याम परिवार के सदस्यों सहित नगर के नवयुवक हाथों में ध्वज लिए जय श्रीराम के जयकारे लगाकर नाचते हुए चल रहे थे। तो वहीं महिलाएं पीले वस्त्र धारण किए भगवान के भजन गाते हुए चल रही थीं। शोभायात्रा के दौरान आतिशबाजी भी चलाई जा रही थी। ऋषिकेश से पधारे कथा प्रवक्ता स्वामी रामसुख ने बहुत ही सुन्दर श्रीराम कथा श्रवण कराई। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रोताओं की भीड़ उमड़ी।







