अस्थाई कुण्ड में ही किया जाएगा गणेश प्रतिमा विसर्जन

नदी संरक्षण के लिए प्रदूषण को रोकने हेतु शांति समिति की बैठक में लिया निर्णय

भिण्ड, 22 सितम्बर। भिण्ड जिले में अनंत चतुर्दशी पर गणेश मूर्ति का विसर्जन अस्थाई कुण्ड बनाकर किया जाएगा, इसके लिए गौरी सरोवर, नदी के किनारों पर अस्थाई कुण्ड बनाए जाएंगे। जिले में सभी तहसीलों और स्थानीय स्तर पर अस्थाई कुण्ड बनाए जाएंगे और मूर्ति विसर्जन केवल कुण्डों में ही किया जाएगा। मूर्ति विसर्जन के समय नगर पालिका, नगर परिषद, स्थानीय स्तर पर लाइट की व्यवस्था करेंगे, इसके लिए एमपीईबी और नगर पालिका सीएमओ को भी निर्देश दिए गए। गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए शांति समिति में सामूहिक रूप से निर्णय लिया गया की जिले में कुण्ड में ही विसर्जन किया जाएगा। आम जनता को इसकी जानकारी देने के लिए नगर पालिका, नगर परिषद और ग्राम पंचायत पर भी बैठक बुलाकर इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश अनुसार नदियों, तालाबों और प्राकृतिक स्त्रोतों में जल जीवों के संरक्षण और पानी में गंदगी से रोकने के लिए मूर्ति विसर्जन अस्थाई कुण्डों में ही किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलो और नदियों के आस-पास ही अस्थाई कुण्ड बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कुछ जगहों शहर में विसर्जन के लिए मूर्तियों को एकत्रित कर कुण्ड में ही विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिका द्वारा अस्थाई रूप से मूर्ति एकत्रित केन्द्र भी बनाए जाएंगे और पूरी विधि विधान से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
पुलिस अधिक्षक मनीष खत्री ने कहा कि जन सुरक्षा और आम आदमी को सुविधा के लिए इस बार शहर में पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। विसर्जन स्थलों के आस पास भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए जवान को ड्यूटी लगाई जाएगी। थाना स्तर पर भी अलग से स्थानीय स्तर पर शांति समिति को बैठक का आयोजन किया जाएगा। शांति समिति की बैठक में सभी ने एक स्वर में कहा कि ईद मिलाद उन्नबी के जलसे के साथ गणेश विसर्जन जुलूस का निकाला जाएगा। उसमें भी सभी समुदाय के लोग बढ-चढकर हिस्सा लेते हैं। भिण्ड की संस्कृति भाईचारे के साथ त्योहार मानने की रही है, दोनों त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएंगे। बैठक में उपस्थित सभी समुदाय के प्रतिनिधियों अपने विचार रखे।