मेहगांव में पुराने बस स्टेण्ड पर हुई कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा सभा
भिण्ड, 22 सितम्बर। कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा की सभा का आयोजन मेहगांव के पुराने बस स्टेण्ड पर किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश यात्रा में शामिल नेताओं का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने भाजपा सरकार को कडी फटकार लगाई। कांग्रेस नेता खिजर मुहम्मद कुरैशी ने कहा कि नफरत फैलाने वालों ने देश की एकता और भाईचारा को तोडने का काम किया है। देश की जनता का पैसा गांधी परिवार को बदनाम करने के लिए खर्च कर लिया, इसी कारण देश की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है और किसान एवं नौजवान परेशान हैं।
प्रदेश प्रवक्ता देवाशीश जरारिया ने कहा कि मेहगांव विधानसभा की जनता ने साबित कर दिया है स्वागत से लेकर जन समुदाय के उत्साह ने मेहगांव की जनता ने रिकार्ड कायम किया है। दिनेश गुर्जर ने कहा कि कोरोना काल को हमें कभी नहीं भूलना है। मुसीबत के समय में लोग दवाई व अस्पताल में बैड के लिए तरस रहे थे। नौजवान के लिए नौकरी नहीं है, किसान के लिए खाद नहीं, किसान लाइन मे खडा खाद के लिए परेशान है। कमलनाथ की सरकार किसानों का कर्जा माफ कर रही थी शिवराज सरकार ने क्यों नहीं किया। शिव भाटिया ने कहा कि जन आक्रोश यात्रा कांग्रेस की यात्रा नही है यह यात्रा आमजन के आक्रोश की यात्रा है, जिसे लेकर कांग्रेस गाव-गांव गली गली जा रही हैं। मप्र की जनता ने 2018 में भगा दिया उसे पुन: सरकार में लाने के लिए गद्दार बिक गए और आपकी बनाई हुई सरकार गिरा दी। साढे तीन लाख करोड के कर्ज में मप्र की जनता दबी हुई है।
जन आक्रोश यात्रा के मंच पर सभी नेताओं ने कहा कि मप्र में आगामी विधानसभा 2023 के होने वाले चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है, जिसमें आप सबका सहयोग अपेक्षित है। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हाथ मजबूत कर सरकार बनाएं और भ्रष्टाचार मे आकंठ डूबी भाजपा का पलायन करने का संकल्प लेकर घर जाएं। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की मनमोहन सरकार ने 73 हजार करोड का कर्जा माफ किया। मप्र में कमलनाथ की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया। महिला बिल कांग्रेस लेकर आई थी जिसका भाजपा ने विरोध किया था। भाजपा ने उनकी दलाली में शामिल पूंजीपतियों का कर्जा माफ किया। गरीब जनता का कभी कोई कर्जा माफ नहीं किया। मप्र के लोग कह रहे हैं कि भाजपा सरकार में रिवॉल्वर का लाइसेंस पांच लाख में मिल रहा है।
जनआक्रोश यात्रा में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नाथूराम शर्मा चुरारिया, जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव करैया, प्रमोद चौधरी, राहुल भदौरिया, राजीव मिश्रा अमित दांतरे आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मेहगांव में यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत
प्रमोद चौधरी धनु द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में ऐतिहासिक स्वागत के साथ जन समूह द्वारा पुष्प वर्षा करते हुए जनआक्रोश यात्रा में पधारे नेताओं प्रदेश सह प्रभारी शिव भाटिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, दिनेश गुर्जर प्रदेश अध्यक्ष किसान कांग्रेस, बासुदेव शर्मा जिला प्रभारी, देवाशीश जरारिया सहित सभी नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। मेहगांव में जनआक्रोश यात्रा में उमडे जन समुदाय देखकर कांगे्रस नेताओं ने स्थानीय नेताओं की तारीफ की।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, प्रदेश सचिव रामहरी शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नाथूराम शर्मा चुरारिया, प्रमोद चौधरी, राहुल भदौरिया, अमित दांतरे, मंजू दांतरे, प्रमोद शुक्ला, राजीव कांकर, रंजीत गुर्जर, सुरेन्द्र राजौरिया, संजीव करईया, जगदीश शर्मा, गजेन्द्र सिंह भदौरिया, हरीओम भदौरिया, मनीष शिवहरे, ब्रजकिशोर शर्मा कल्लू ठेकेदार, जिला प्रभारी बासुदेव शर्मा, सुखवीर सिंह नरवरिया सहित अनेक नेतागण मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन एडवोकेट रामहरि शर्मा ने किया।
जनआक्रोश यात्रा में नगर की सडकें जाम
जनआक्रोश यात्रा के नगर में प्रवेश के पहले ही सडकें जाम हो गई। लोगों का हुजूम सडकों पर दिखाई दे रहा था। ग्वालियर रोड के मुरैना तिराहे से लेकर भिण्ड तिराहा, गांधी रोड, पुराने बस स्टेंड तक हजारों की भीड ने सडक को जाम किया।
गोरमी में हुआ भव्य स्वागत
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देशन में मप्र मे निकाली जा रही जनआक्रोश यात्रा कार्यक्रम के तहत भिण्ड जिले की मेहगांव विधानसभा-12 की तहसील गोरमी में यात्रा ने मुरैना जिले के पोरसा रोड क्वारी नदी के बुधारा पुल से प्रवेश किया। जनआक्रोश यात्रा के प्रवेश करने पर भव्य स्वागत कार्यक्रम प्रारंभ होकर समूचे गोरमी कस्बे में जगह-जगह यात्रा पर पुष्प वर्षा कर एवं नेताओं का पुष्पहार पहना कर जनता जनार्दन ने ढोल नगाडे, आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया।
गोरमी सभा स्थल पर क्षेत्र से आए किसान नौजवान सहित आमजन ने कांग्रेस जिदाबाद के नारे लगाए और यात्रा के साथ चलने वाले नेताओं में मुख्य रूप से शामिल प्रदेश सह प्रभारी शिव भाटिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, जिला प्रभारी बासुदेव शर्मा, देवाशीष जरारिया को फूलों का बडा हार पहनाकर स्वागत किया।