कल दबोह पहुंचेगी भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा
भिण्ड, 09, सितम्बर। आगामी मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं जनता में उमंग और उत्साह को जागृत करने के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा 10 सितंबर को दबोह नगर पहुंच रही है। यात्रा को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को नगर दबोह की गहोई धर्मशाला में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। जिसमें मुख्य रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक रसाल सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोमेश महंत, जिला कोषाध्यक्ष मनोज शास्त्री, यात्रा के संयोजक संतोष बोहरे, लहार विधानसभा प्रभारी नवल मिश्रा, योगेन्द्र सिंह पप्पू उपस्थित रहे।
यात्रा के संबंध में पूर्व विधायक रसाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को उनकी अहम जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही नागरिकों से अनुरोध है कि इस सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाएं और मप्र की यह विकास की यात्रा निरंतर चलती रहे, इसके लिए भाजपा की सरकार को अपना आशीर्वाद दीजिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान स्थानीय झण्डा चौक पर आमसभा भी होगी। जन आशीर्वाद यात्रा को सर्वव्यापी बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता और लाडली बहन की महिलाओं एवं केन्द्र राज्य सरकार की सभी हितग्राही लाभार्थी आमजनों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित स्थानों पर निकलने वाली जन आशीर्वाद यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत और पुष्प वर्षा करें। उन्होंने कहा कि यह मिशन 2023 का विधानसभा चुनाव आपके कंधों पर ही निर्भर है, मप्र की भाजपा सरकार 20 वर्षों का लेखा-जोखा जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जनता के बीच पहुंच रहे हैं। आप सभी से आग्रह है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने प्रदेश नेतृत्व के उदबोधन को अवश्य सुनें। इस दौरान बैठक में वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।