सिंधिया की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाए नेता प्रतिपक्ष : रसाल सिंह

भिण्ड, 24 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक रसाल सिंह ने ग्वालियर में आयोजित कांग्रेस की सभा के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा एवं कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह द्वारा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाकर अनर्गल विलाप करने की कडी निन्दा की है।
पूर्व विधायक रसाल सिंह ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह द्वारा सिंधिया पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि सबसे पहले वे महारानी लक्ष्मीबाई के इतिहास को जाने और फिर आरोप लगाएं। उन्होंने कहा कि दरअसल कांग्रेस को ग्वालियर-चंबल अंचल में संभावित पराजय से घबराई हुई है, यही वजह है कि कांग्रेस के नेता खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की तर्ज पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाकर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता डॉ. गोविन्द सिंह पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें। कमलनाथ की कृपा से खैरात में मिली नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी के अभिमान में यह भूल गए हैं कि जिस केन्द्रीय मंत्री पर आरोप लगाकर वह अपनी फिसलती सियासी जमीन तलाशने का प्रयास कर रहे हैं, उसके सामने कभी डॉ. गोविन्द सिंह अपनी सियासत बचाने के लिए गिडगिडाया करते थे।
उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके परिवार ने व्यक्तिवाद की राजनीति नहीं की। उन्होंने हमेशा विचारधारा एवं जनता के सम्मान, न्याय दिलाने एवं विकास और प्रगति एवं जन सेवा का की। उनकी छवि पूरे प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में तथा ग्वालियर-चंबल संभाग में एक स्वच्छ और ईमानदार राजनेता और जनसेवक की है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग की जनता जानती है कि सिंधिया परिवार ने हमेशा जनता को न्याय के लिए संघर्ष किया है। यही वजह थी कि जब कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार ने जनता से चुनाव में किए वादों को पूरा करने से मुंह फेर लिया, तब जन अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए सिंधिया ने जनता को चुना और अपनी सरकार को लात मार दी।
पूर्व विधायक रसाल सिंह ने कहा कि आज केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार पूरे प्रदेश और ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की बात कर रहे हैं। महारानी लक्ष्मी बाई ने अपना सब कुछ जीवन न्यौछावर करने के बाद संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता डॉ. गोविन्द सिंह और प्रियंका गांधी महारानी लक्ष्मी बाई को माध्यम बनाकर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रायवेट लिमिटेड कंपनी संभाग की जनता को झूठ बोलकर भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का अपमान करने का जो प्रयास किया जा रहा है, यह ग्वालियर-चंबल संभाग की जनता भी समझती है। कांग्रेस का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा है। महाराज की छवि राजनेता की नहीं जनसेवक के रूप में है, यही वजह है कि कांग्रेस नेता उनकी छवि धूमिल करने के नाकाम प्रयास में जुटे हुए हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस नेताओं के मनसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देंगे।