अभा निबंध लेखन प्रतियोगिता में सशिम बम्होरी की रचना को मिला प्रथम स्थान

भोपाल, 20 जुलाई। संस्कृति ज्ञान परीक्षा कुरुक्षेत्र द्वारा प्रतिवर्ष निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। जिसमें सत्र 2022-23 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव पर आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर निबंध लेख में विद्या भारती मध्यभारत प्रांत से संबद्ध भोजपुर ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला रायसेन द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मन्दिर बम्होरी की सुश्री रचना लोधी दीदी ने प्रांत में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रचना लोधी दीदी की इस उपलब्धि के लिए जिला सचिव दौलत सिंह ठाकुर एवं जिला प्रमुख राजेन्द्र सिंह ठाकुर नगद राशि देकर सम्मानित किया। अतिथियों द्वारा देव मंच का पूजन किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रमुख राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि यह बहुत बड़ी बात है कि हमारे रायसेन जिले के बम्होरी कस्बा को यह सम्मान मिला। निबंध लेखन प्रतियोगिता में नियमानुसार विषय पर समय सीमा में निश्चित विषय पर 1500 शब्दों में निबंध लिखना चाहिए। इसमें सुलेख, विषय वस्तु, शब्दों का चयन, सारगर्भित लेख होना चाहिए। आप सभी इस वर्ष भी अच्छा प्रयास करेंगे ऐसा हमें पूर्ण विश्वास है। उन्होंने पौधारोपण पर प्रकाश डाला और भैया बहिनों को पौधे लगाने व उनका संरक्षण करने के लिए उनको प्रेरित किया। खेलकूद प्रतियोगिता में एसजीएफआई स्तर तक पहुंचने के लिए भैया-बहिनों को प्रेरित किया। वहीं जिला सचिव दौलत सिंह ठाकुर ने हमारी राष्ट्र भाषा हिन्दी, उसका शुद्धिकरण आदि पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला समिति अध्यक्ष, संकुल प्रमुख प्रधानाचार्य, आचार्य परिवार भैया बहिन उपस्थित रहे।