हिन्दी दिवस पर मनीषियों का हुआ सम्मान

भिण्ड, 14 सितम्बर। हिन्दी दिवस के अवसर पर मंगलवार को एक निजी संस्थान में हम फाउण्डेशन शाखा भिण्ड द्वारा हिन्दी मनीषियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर फाउण्डेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय महासचिव नितिन दीक्षित, शाखा संरक्षक प्रो. रामानंद शर्मा, महेन्द्र चौधरी, कैलाश जैन, शाखा अध्यक्ष शैलेश सक्सेना, जयप्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव विपुल सेठ, परमाल सिंह कुशवाह, वरुण सिंह भदौरिया, विकास कुशवाह, रोहित, विपिन शर्मा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर माल्यार्पण कर की गई।
हिन्दी दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि हमारी राष्ट्रभाषा हिन्दी है, जिसका सभी को सम्मान करना चाहिए तथा इसे अन्य भाषाओं सहित बड़े पैमाने पर आम बोलचाल में भी इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने हिन्दी दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी युवा पीढ़ी को हिन्दी भाषा से जोडऩा काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह देखा गया है कि वर्तमान युग में यह अपना महत्व को रहे हैं।
इस अवसर पर परमाल सिंह कुशवाह ने कहा कि हिन्दी दिवस लोगों को उनकी जड़ों से जुड़े रखता है और लोगों को उनकी मूल संस्कृति की याद दिलाता है, ऐसे कई भारतीय हैं जो आज भी भारतीय संस्कृति को बनाए रखने में गर्व महसूस रखते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शाखा संरक्षक महेन्द्र चौधरी ने हिन्दी दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 सितंबर 1953 को हिन्दी भाषा को राष्ट्रभाषा का दर्जा मिला था। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में हिन्दी भाषा पर अंग्रेजी के शब्दों का बहुत प्रभाव हुआ है। हमारी युवा पीढ़ी को हिन्दी भाषा से जोडऩा काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह देखा गया है कि वर्तमान युग में यह अपना महत्व को रही हैं। कार्यक्रम में कवियों द्वारा काव्य पाठ भी प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में प्रांतीय महासचिव नितिन दीक्षित, शाखा अध्यक्ष शैलेश सक्सेना ने भी संबोधित किया।

इनका हुआ सम्मान

हिन्दी दिवस के अवसर पर हम फाउण्डेशन शाखा भिण्ड द्वारा हिन्दी मनीषी डॉ. गजेन्द्र सिंह परमार, श्रीमती उमा राजौरिया, आशा भदौरिया, कवि किशोरीलाल बादल, परमाल सिंह कुशवाह, जयप्रकाश शर्मा को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया।