बाल साहित्यकार दरवेश को मिलेगा डॉ. राष्ट्र बंधु सम्मान कल

भिण्ड, 22 मई। बाल साहित्यकार वीपी सिंह दरवेश को बुधवार को इटावा शहर में आयोजित हो रहे डॉ. राष्ट्रबंधु सम्मान के लिए चयनित किया गया है। दवेश की कर्म भूमि मप्र का भिण्ड शहर रहा है। उन्हें इस वर्ष का बाल साहित्यकार राष्ट्र बंधु सम्मान इटावा में आयोजित एक भव्य समारोह में दिया जाएगा। जिसमें उन्हें पांच हजार रुपए नकद धनराशि भी भेंट की जाएगी। यह जानकारी भिण्ड के मशहूर कथाकार ए. असफल ने दी है।
निर्णायक समिति के संयोजक एवं किस्सा कोताह के संपादक ए. असफल के अनुसार बाल साहित्यकार दरवेश वर्तमान में उप्र के इटावा जनपद में रहते हैं। 15 अगस्त 1947 को जन्मे दरवेश का संघर्षों से गहरा नाता रहा है। 1980-90 के दशक में उन्होंने भिण्ड शहर में सडक़ों पर रेडी लगा कर अपना जीवन यापन किया। साथ ही बाल साहित्य की रचना भी करते रहे। वे अपनी रचनाशीलता, रचनाधर्मिता को सतत बनाए हुए हैं। उन्होंने दो बाल उपन्यास लिखे। सैकड़ों रचनाएं उनकी बाल कविताएं नंदन, पराग, चंपक, लोटपोट, बालहंस आदि पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही है। बाल साहित्यकार कल्याण ट्रस्ट की ओर से उनको बाल साहित्य में की गई अनवरत साधना के लिए पांच हजार रुपए के नगद पुरस्कार, शॉल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। जिसमें इटावा तथा आस-पास के जिलों सहित भिण्ड और ग्वालियर के अनेक साहित्यकार व पत्रकार भी शामिल होंगे।