वॉलमार्ट 2000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करेगी

मुंबई। दिग्गज अमेरिकी रिटेल कंपनी वॉलमार्ट 2,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करने पर ‎विचार कर रही है। वॉलमार्ट इंक ये छंटनी अमेरिका के 5 ई-कॉमर्स वेयरहाउस में करेगी। एक रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी गई है। वॉलमार्ट की ओर से अभी तक इस बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इसके पहले 23 मार्च को एक रिपोर्ट में एक न्यूज एजेंसी ने कहा था कि वॉलमार्ट की 5 फैसिलिटी में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों को 90 दिन के अंदर दूसरी नौकरी तलाश करने को कहा गया है। कंपनी ने पिछले महीने अपने वेयरहाउसेज पर स्टाफ की संख्या कम करने की बात कही थी लेकिन इस दौरान कंपनी ने कोई खास जानकारी नहीं दी थी। कंपनी की ओर से रेगुलेटरी फाइलिंग में छंटनी की पूरी जानकारी मिलेगी। हालांकि, कंपनी ने यह भी कहा कि छंटनी के शिकार कर्मचारी उसी संस्थान में दूसरी भूमिका में काम करने पर विचार कर सकते हैं। गौरतलब है कि कंपनी के कुछ कर्मचारियों को भले ही छंटनी के जरिए निकाला जाएगा लेकिन आगे विस्तार की भी योजना है। वॉलमार्ट ने कहा है कि कंपनी कुछ दूसरे क्षेत्र में भी विस्तार कर रही है। इस योजना के तहत कुछ स्टोर और फुलफिलमेंट सेंटर में बदलाव किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन ऑर्डर की डिमांड को पूरा किया जा सके। ऐसे में संभावना है कि कंपनी कुछ कर्माचरियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने की भी व्यवस्था कर सकती है। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि वॉलमार्ट के कुल कितने कर्मचारियों पर इसका असर देखने को मिलेगा।