नारी में अपरिमित शक्ति और क्षमताएं विद्यमान हैं : प्रो. अली

हम फाउण्डेशन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पांच महिलाओं का किया सम्मान

भिण्ड, 07 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह की पूर्व संध्या पर विद्यावति महाविद्यालय परिसर में हम फाउण्डेशन सिटी शाखा द्वारा पांच महिलाओं को पौधे देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा, जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, अमित त्यागी, राघवेन्द्र यादव आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रो. इकबाल अली ने कहा कि नारी सशक्तिकरण नारी में अपरिमित शक्ति और क्षमता विद्यमान हैं। आज नारी अपने साहस के बल पर पूरे आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहरा रही है। उन्होंने कहा कि नई सदी की नारी के पास कामयाबी के उच्चतम शिखर को छूने की अपार क्षमता है। प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि समाज के दो पंख हैं, एक स्त्री व दूसरा पुरुष, यह दोनों पंख समान होंगे तभी समाज, देश और राष्ट्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता निवास करते हैं, हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। शैलेश सक्सेना और अरविंद भदौरिया ने कहा कि संस्कारों की जन्मदात्री नारी शक्ति ही है, हर क्षेत्र में महिलाएं अपना विशेष स्थान बना रही हैं, नारी की आत्मिक एकता को सदैव बनाए रखने के लिए मानसिक धरातल को सकारात्मक चिंतन दिए जाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में नीतू रंधावा को साहचर्य, अनुराधा शुक्ला को सहयोग, आकांशी त्यागी को सेवा, नेहा दुबे को संस्कार और अंतिमा भदौरिया को संस्कृति सम्मान में पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।