महाशिरात्रि पर कुण्डेश्वर मन्दिर में बने सवा लाख पार्थिव शिवलिंग

ऊँ नम: शिवाय महामंत्र की हुई सवा लाख आहुतियां, गंगा महाआरती में शामिल हुए हजारों श्रृद्धालु

भिण्ड, 18 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री कुण्डेश्वर महादेव उदासीन आश्रम सिटी कोतवाली के सामने भिण्ड में भव्य आयोजन किया गया। जिसमें रात्रि दो से बजे से श्रृंगीरामपुर से कांवर लेकर आए भक्तों ने गंगाजल अभिषेक कर भोलेनाथ प्रार्थना की। यह सिलसिला अनवरत पूरे दिन चलता रहा, जिसमें हजारों भक्तों की कतारें लगी रही।
मन्दिर प्रांगण में महंत श्रीश्री 1008 ब्रह्मऋषि जी महाराज के आदेशानुसार श्रीश्री 108 स्वामी दयानंद जी महाराज के सानिध्य में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों भक्तों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। सवा लाख के लक्ष्य को सुबह 10 बजे पूर्ण कर करीब दो लाख से ऊपर शिवलिंग निर्माण हुआ। तदुपरांत उनका पूजन दोपहर 12 बजे विधि विधान से काशी से आए पं. शंभूशरण शास्त्री, पं. नारायण शास्त्री द्वारा विधिपूर्वक हल्दी, चंदन, कुमकुम, रोली, बेलपत्र, धतूरे, पंचामृत, दूध, मिश्री आदि से अभिषेक कर पूजन किया गया। पूजन पश्चातसभी भक्तों ने वही विराजमान 24 कुण्डों द्वारा ऊँ नम: शिवाय यज्ञ का आयोजन किया। जिसमें ऊँ नम: शिवाय महामंत्र की सवा लाख आहुतियां दी गईं।

श्री दयानंद महाराज ने बताया कि यह कार्य विश्व, राष्ट्र व स्वयं के कल्याण के लिए गोलोकधाम वासी पं. देव प्रभाकर शास्त्री दद्दाजी ने अनवरत किए हैं, जिन्होंने करीब 130 सवा करोड़ पार्थिव निर्माण यज्ञ की है। उसी श्रृंखला में आज दद्दा शिष्य मण्डल के सहयोग से कुण्डेश्वर महादेव मन्दिर के भक्तों द्वारा पार्थिव शिवलिंग निर्माण किए गए एवं सवा लाख ओम नम: शिवाय महामंत्र की आहुतियां हुई हैं। शाम के समय गंगा महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें काशी में स्थित मां गंगा की महाआरती करने वाले पंडितों द्वारा आयोजन किया गया। जिसमें 5100 घी के दीपक जलाकर महाआरती का भव्य आयोजन हुआ। महाआरती में हजारों भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह सपत्नीक उपस्थित रहे। कुण्डेश्वर महादेव मन्दिर समस्त भक्तगण परिवार एवं बाहर से आए हजारों भक्तों ने धर्म लाभ लिया। अंत में कार्यक्रम में पधारे सभी भक्तों का आभार व्यक्त मन्दिर प्रबंधक व पुजारी श्री विजय महाराज ने किया।