मिशन 2023 के मप्र विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता बूथ की रचना को लेकर कार्य करेंगे : कटेरिया

भिण्ड, 04 दिसम्बर। राहुल गांधी ने मप्र में कांग्रेस सरकार बनाने का जो दावा किया है, इसमें कोई सच्चाई नहीं है, यह पूर्णत निराधार है, यह बात तो उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव में भी कही थी, लेकिन वहां सफलता नहीं मिली तो अब मप्र की बात कहने लगे। यह बात भाजपा के प्रदेश सहप्रभारी एवं इटावा सांसद रामशंकर कटेरिया ने सर्किट हाउस भिण्ड में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही। पत्रकारवार्ता में प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया, जिला संगठन प्रभारी जयप्रकाश राजौरिया, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, विधायक संजीव सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक मुन्नासिंह भदौरिया, जिलामंत्री धीरसिंह भदौरिया, धर्मसिंह भार्गव मौजूद रहे।
प्रदेश सहप्रभारी कटेरिया ने कहा कि भाजपा मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव में पूरे मप्र के संगठनात्मक जिलों के सभी मण्डलों एवं बूथ केन्द्रों पर कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। चुनाव जीतने का मुख्य हमारा आधार मतदान केन्द्र है, जहां भाजपा का बूथ माइक्रो मेंटीनेंस के लिए हम कार्य कर रहे हैं, ताकि हमारी सत्ता व संगठन की ताकत मजबूत बनें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि कांग्रेस जो वर्षों से विधानसभाओं को जीत रही है ऐसी सीटों को चिन्हित कर लिया गया है और वहां अपनी संगठनात्मक ताकत को मजबूती देते हुए भाजपा को जिताने के लिए कार्यकर्ता अपनी कार्ययोजना को लेकर जुट गए हैं।
उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए लहार विधानसभा के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि लहार में हमारा संगठन मजबूत क्यों नहीं है, इसके लिए हम जिला एवं मण्डल के कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे और मिशन 2023 में निश्चित तौर पर इस बार लहार में भाजपा की ही प्रत्याशी विजयी होगा, ये बात हमारी नोट कर लो, सकारात्मक सोच के साथ हमारा कार्यकर्ता लहार में इस बार जुट गया है जो इस बार कांग्रेसं को उखाडऩे का काम करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्र व प्रदेश के विकास के लिए कार्य किया है, गरीबों के लिए जो योजनाएं बनाई हैं, जिन्हें हम नीचे स्तर तक पहुंचाकर प्रचार-प्रसार के माध्यम से योजना का लाभ जनता को दिलाने के लिए कार्यकर्ता लोक संपर्क के माध्यम से जाएंगे।