लुई ब्रेल की जयंती पर समष्टि भवन में कार्यक्रम चार को

भिण्ड, 03 जनवरी। समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मण्डल (सक्षम) पूरे देश में सभी प्रकार की दिव्यांगता के हितार्थ कार्य कर रहा है। सक्षम संगठन को दिशा देने के लिए अनेक दिव्यांग महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में चार जनवरी वुधवार को शाम पांच बजे समष्टि केशव स्मृति सेवा न्यास भवन हनुमान बजरिया भिण्ड पर लुई ब्रेल जयंती का आयोजन रखा गया है।
संगठन का मुख्यालय नागपुर महाराष्ट्र में है, सक्षम की स्थापना हमारे देश की मुख्य धारा में विभिन्न विकलांग व्यक्तियों को लाने के उद्देश्य से की गई थी। सक्षम का मानना है कि विकलांग लोग समाज पर बोझ नहीं बल्कि राष्ट्र की संपत्ति हैं। यद्यपि वर्तमान में दृष्टिबाधितों की सेवा के लिए समर्पित, सक्षम विभिन्न अक्षमता वाले सभी व्यक्तियों के प्रति और समाज को मजबूत करने के लिए पर्यावरण, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक गतिविधियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता रखता है। वर्तमान में सक्षम विकलांगों के एकीकृत विकास के लिए दिव्यांग फोटोकॉपी केन्द्र, दिव्यांग आयुर्वेदिक सलाहकार केन्द्र आदि प्रकल्प प्रदेश भर में चलाए जा रही है। भिण्ड जिले के दिव्यांग व्यक्तियों के हितार्थ कार्य करते हुए आप सभी अपनी गरिमामयी उपस्थित से कार्यक्रम को सफल बनाएं।