शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक में भाविप का गुरू वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 15 दिसम्बर। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा आयोजित गुरू वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम की श्रृंखला में गुरुवार को शहर के शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने हरिवंश राय बच्चन की पंक्तियों ‘जब नाव जल में छोड़ दी, तूफान में ही मोड़ दी, दे दी चुनौती सिंधु को, फिर धार क्या मंझधार क्या।।’ से प्रोत्साहन करते हुए समझाया कि छात्र जीवन चुनौतियों को स्वीकार करने का जीवन है और जो इन चुनौतियों को स्वीकार कर उन पर सफल हो है वही छात्र स्वयं के साथ अपने गुरु का नाम स्वर्णिम अक्षरों में चिरस्मरणीय बना देता है। जिसके उदाहरण स्वरूप उन्होंने रामकृष्ण परमहंस व उनके शिष्य स्वामी विवेकानंद, आचार्य चाणक्य के शिष्य चंद्रगुप्त मौर्य, गुरु आचारेकर के शिष्य सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे इन सभी अपने कठिन परिश्रम अनुशासन व गुरू की शिक्षा से अपने साथ अपने गुरुओं का नाम भी रोशन किया ऐसे ही आप सभी प्रयास करें। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि अच्छी आदतें अपनानी चाहिए। बुजुर्गों का सम्मान करना सीख लेना चाहिए। मधुर वाणी का महत्व समझ लेना चाहिए। अखाद्य तथा नशीली चीजों से परे रहना चाहिए। शारीरिक एवं मानसिक स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए, विद्यार्थी जीवन संपूर्ण जीवन का स्वर्णिम काल है, इसमें अनेक प्रकार के प्रलोभन आते हैं जिनसे सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
शाखा संरक्षक डॉ. विनोद सक्सेना ने उपस्थित सभी बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए बताया कि हम सभी को विशेषकर विद्यार्थी जीवन में समय से सोना जागना, अच्छा आहार लेना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है व स्वस्थ तन के साथ ही स्वस्थ मन रखने की सलाह भी दी। कार्यक्रम संयोजक गणेश भारद्वाज ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए सभी को बताया कि भारत विकास परिषद के संस्कार प्रकल्प के तहत गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों में गुरुजनों व माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 विद्यार्थियों दुर्गेश सिंह, गौरव कुमार, सौम्या पचौरी, प्रतिभा, ऋषिकेश, अंशुमन सिंह, सुखदेव बहरे, जानवी शर्मा, चित्रांश, सचिन, अतुल भारद्वाज, अनुष्का पाठक, अरुण राठौर, पीयूष व्यास, छाया, अनमोल अरोरा, शीतल आर्य, सरस्वती, विष्णु, सार्थक भारद्वाज, नेहा पुरोहित, चेतन शर्मा, रोहित अभिनेता, हिमांशु, अनामिका, करिश्मा को उपस्थित अतिथियों ने मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही बॉक्सिंग में उत्कृष्ट नौ छात्र- अनुभवा जैन राष्ट्रीय गोल्ड मेडल, चांदनी प्रजापति ब्रोंज मेडल, सूरज विमल ब्रोंज मेडल, पूजा शर्मा ब्रोंज मेडल, अनुराग बघेल ब्रोंज मेडल, सरस्वती भदौरिया गोल्ड मेडल, श्रृद्धा भदौरिया सिल्वर मेडल, कराटे- मोहनी करण गोल्ड मेडल को भी प्रमाण पत्र व मैडल से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय परिवार से नामांकित छह शिक्षक- श्रीमती प्रीति व्यास, श्रीमती कमलेश कुशवाह, धीरज त्रिपाठी, केएन बाजपेई, आरबी शर्मा व भूपेन्द्र सिंह कुशवाह को माल्यार्पण कर आगामी शिक्षक सम्मान हेतु नामांकित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ सदस्य श्रवण पाठक एवं अंत में आभार सचिव धीरज शुक्ला ने व्यक्त किया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. साकार तिवारी, सचिव धीरज शुक्ला, विद्यालय के प्राचार्य पीएस चौहान, उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा, जेएन पाठक, वीरेन्द्र जोशी, सुरेश बरुआ, रवीरमन त्रिपाठी, धीरज गुर्जर, साकेत सक्सेना सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







