– अमायन और गोरमी में मण्डल स्तरीय कार्यशाला आयोजित
भिण्ड, 07 नवम्बर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रति कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के लिए मण्डल स्तरीय कार्यशाला मेहगांव विधानसभा के अमायन और गोरमी मण्डल में संपन्न हुई। कार्यशाला में प्रदेश नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यशाला में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धीकरण से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।
कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने बताया कि एसआईआर का उद्देश्य मृत मतदाताओं के नाम हटाना, स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सही करना और 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं के नाम जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता और बूथ लेवल अधिकारी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूट न जाए। बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, जिसमें पहले से भरे हुए विवरण के साथ मतदाताओं को अपने नए या संशोधित विवरण दर्ज करने होंगे। जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे अपने माता-पिता या अभिभावक के नाम तथा पहचान पत्र के साथ नया नाम जुड़वा सकेंगे।
मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतांत्रिक चेतना और नागरिक जिम्मेदारी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जन-जागरूकता फैलाएं ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक मतदान सूची में अपना नाम दर्ज कर सके। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे 18 वर्ष की आयु पूरी होते ही अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं और मतदान के अधिकार का सदुपयोग करें। उन्होंने आगे बताया कि न्यूमरेशन फॉर्म निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार किया गया एक विस्तृत दस्तावेज़ है जिसमें मतदाता की पहचान, निवास स्थान, परिवार विवरण, नागरिकता और अन्य जानकारियां दर्ज होती हैं। कार्यशाला में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।







