प्रदेश सरकार आमजन को लाभान्वित कर उनका विकास कर रही है : डॉ. भदौरिया

सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने चार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर विभिन्न कार्यों का किया लोकार्पण/ शिलान्यास

भिण्ड, 14 दिसम्बर। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने बुधवार भिण्ड जिले के अटेर विकास खण्ड की चार ग्राम पंचायतों में लगभग 79.37 लाख के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण/ शिलान्यास किया। इनमें ग्राम पंचायत स्यावली के ग्राम बघेड़ी में 29.75 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 6.90 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य ग्राम बघेड़ी का लोकार्पण, 7.80 लाख की लागत से आंगनवाड़ी केन्द्र भवन नं.एक का लोकार्पण, 5.41 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का शिलान्यास, 9.64 लाख की लागत से अर्थन डैम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने ग्राम मल्लपुरा में 36.19 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 11 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य ग्राम मौरा का लोकार्पण, 3.43 लाख की लागत से सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण कार्य का लोकार्पण, 7.63 लाख की लागत से नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण, 14.13 लाख की लागत से नवीन तालाब निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने ग्राम अमलेड़ा में 13.43 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 10 लाख की लागत से नाला निर्माण का शिलान्यास, 3.43 लाख की लागत से सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण कार्य का लोकार्पण शामिल हैं।

मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि मप्र सरकार गरीबों के हित में निरंतर प्रयासरत है, उनके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री अन्न योजना और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपए तक का नि:शुल्क उपचार, युवाओं के लिए रोजगार मेलों का आयोजन और हर गरीब को आवास दिए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का विकास कर उसे समाज की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जनसेवा अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसलिए शिविर लगा कर सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक ही छत के नीचे बिठा कर आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनका निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों एवं असहाय लोगों के लिए काम करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान आमजन की जिंदगी बदलने का अभियान है। इन सभी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को मिले इसलिए यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। जिससे शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित ना रह जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि मिशन 2023 विधानसभा एवं 2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने के लिए अपने अपने बूथ केन्द्रों पर भाजपा को जिता कर सत्ता और संगठन की ताकत को मजबूत बनाएं। आम जनता का चुनाव है, उसको बटन दबाना है और भाजपा की सरकार बनना है, उसमें आप लोगों को अपना वोट तो देना ही है पूरे परिवार रिश्तेदार जितने भी आपके जनसंपर्क में हों उनके वोट दिलाएं। उन्होंने एसडीएम को मुख्यमंत्री सेवा योजना के अंतर्गत अटेर विधानसभा क्षेत्र के हितग्राहियों को लाभ दिलाने एवं शासन की योजना हेतु प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में अटेर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी श्रीनारायण शर्मा, विधायक प्रतिनिधि विकास शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, ग्राम पंचायत नायब के सरपंच सुघर सिंह नरवरिया, पीपरी मण्डल अध्यक्ष रायसिंह नरवरिया, अटेर मण्डल अध्यक्ष संतोष सिंह तोमर, जनपद सदस्य सुरेन्द्र सिंह भदौरिया, संतोष सिंह मसूरी, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सीतादेवी, राम बिहारी, वरिष्ठ नेता पदम चंद जैन, जिला महामंत्री अशोक सिंह बघेल, नंदकिशोर सिंह भदौरिया, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया, किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष थानसिंह भदौरिया आदि मंचासीन थे।