छात्रों का शास्त्र सम्मत उत्थान कर रही है भाविप : पुण्डरीक गोस्वामी

भाविप महिला शाखा जागृति द्वारा गुरू वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 05 दिसम्बर। भारत विकास परिषद के कार्यक्रम और उद्देश्य एवं संस्कार को लेकर अत्यंत सराहनीय है, छात्रों एवं युवकों के उत्थान के लिए किया गया कार्य राष्ट्र में अहम योगदान साबित होता है। जगदीश की नवयुवक पीढ़ी को संभालने का कार्य करें, यही शास्त्र सम्मत है। उक्त उद्गार वैष्णव गौड़ आचार्य पुण्डरीक गोस्वामी महाराज ने भारत विकास परिषद महिला शाखा जागृति द्वारा आयोजित गुरु वंदन छात्र अभिनंदन के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय स्वरूप विद्या निकेतन परिसर में व्यक्त किए।
भागवताचार्य गोस्वामी महाराज ने कहा कि हम सिर्फ निमित्त भर हैं, हम बहुत प्रयास करते हैं कि कार्य हमारे अनुसार हो, पर ईश्वर जो करता है वही सर्वोच्च होता है। ईश्वर द्वारा कराए गए कार्य में उनकी कृपा समाहित होती है, अत: उसे सहर्ष स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे जहां भी कथा करने जाते हैं उनका प्रयास रहता है कि स्थानीय एक विद्यालय अथवा महाविद्यालय में एक दिवस अवश्य जाकर नई पीढ़ी को सन्मार्ग की ओर प्रेरित करें। भिण्ड शहर में यह कार्य भारत विकास परिषद कर रही है, यह अमूल्य है।

कार्यक्रम का विधिवत प्रारंभ आचार्यजी के कर कमलों से दीप प्रज्वलन कर एवं उनके साथ श्रवण पाठक और शिवनाथ दुबे ने किया। आचार्यश्री के स्वागत पश्चात विद्यालय के 20 छात्रों को विभिन्न विधाओं के लिए प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया एवं श्रेष्ठ आठ गुरुजनों को श्रीफल और माल्यार्पण से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भिण्ड शहर की दोनों शाखाओं द्वारा महाराजजी को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम में शाखा संरक्षक डॉ. उमा शर्मा, शाखा अध्यक्ष निशी गुप्ता, अरुणा पाठक, दीपशिखा शर्मा, रिचा तिवारी, धीरज शुक्ला, संजीव गुप्ता, डॉ. साकार तिवारी, दिलीप कुशवाह, जयदीप राजावत, गगन शर्मा, वीरेन्द्र जोशी, छात्रों के पालक, स्टाफ आदि उपस्थित रहे।

यह हुए सम्मानित

कार्यक्रम में विद्यार्थी अंजली बघेल, अंशी त्रिपाठी, आर्यन भदौरिया, सोनम विमल, कृष्णा दुबे, सचिन, खुशी शर्मा, अनुष्का दुबे, अतीश लोधी, मेहर खरे को सम्मानित किया गया। सके अलावा शिक्षक अवधेश जोशी, शिवनाथ दुबे, रजनी चौहान, आराधना दुबे, दिनेश दुबे को भी सम्मानित किया गया।