जीवन का पथ प्रदर्शक है गीता ज्ञान : तिवारी

विवेकानंद केन्द्र द्वारा गीता जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 05 दिसम्बर। गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दिया गया उपदेश वर्तमान समय के लिए प्रासंगिक है, जिसे हर सनातनी को अपने जीवन में ढालने की आवश्यकता है। यह उद्गार शिक्षाविद आरएन तिवारी ने विवेकानंद केन्द्र द्वारा गीता जयंती उत्सव पर गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि गीता का ज्ञान हमें कर्म करने की प्रेरणा देता है, जिसे व्यक्ति को जीवन में प्रभावी बनाना चाहिए। इसके पूर्व कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ओमकार मंत्र एवं गीत के साथ हुआ, तत्पश्चात केन्द्र द्वारा संचालित आनंदालय के बच्चों ने गीता कर्मयोग के श्लोकों का वाचन किया। जिनका भावार्थ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सहज भाषा में किया। कार्यक्रम का संचालन केन्द्र के शिवम त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर केन्द्र के उपेन्द्र मिश्रा, श्रवण पाठक, प्रो. रामानंद शर्मा, आलोक शर्मा, राधेश्याम, रेखा अग्रवाल, अंजू मिश्रा, मनोज दीक्षित के अलावा आनंदालय के बच्चे, उनके अभिभावक एवं शहर के गणमान्य उपस्थित रहे।