विधायक संजीव सिंह ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात : जिले के बाढ़ पीडि़तों के पुनर्वास के लिए 500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज मांगा

भिण्ड, 11 अगस्त। विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से सिंध और चंबल नदी में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के पुनर्वास की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री को बाढ़ से जिलेभर में हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी। साथ ही जिलेभर के बाढ़ पीडि़तों के लिए 500 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की मांग की है। मुख्यमंत्री ने विधायक को भरोसा दिलाया है कि बाढ़ पीडि़तों के पुनर्वास के लिए सरकार की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बताया कि सिंध और चंबल नदी में बाढ़ की त्रासदी से जिले के 67 गांवों के 150 से ज्यादा मजरे, टोलों में भयंकर नुकसान है। बाढ़ से कच्चे मकान ध्वस्त हो गए हैं। पक्के मकानों में भी बड़ा नुकसान है। चंबल, सिंध नदी किनारे के गांवों में आधारभूत सुविधाओं का ढांचा ध्वस्त हो चुका है। इन गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र, पहुंच मार्ग, कृषि भूमि, बिजली व्यवस्था, लोगों का जीवन यापन पूरी तरह से प्रभावित है। विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि बाढ़ की त्रासदी से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए 500 करोड़ रुपए का पैकेज देने के साथ-साथ यथा शीघ्र कदम उठाए जाएं। इससे पहले भी विधायक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सर्वदलीय बैठक में बाढ़ प्रभावितों के पुनर्वास की मांग की थी।
यहां बता दें कि जिलेभर के बाढ़ प्रभावितों के पुनर्वास के लिए भिण्ड विधायक संजीव सिंह ने पिछले दिनों भिण्ड सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर बताया था कि उन्होंने प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से फोन पर बात कर नुकसान से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित हुए लोगों के पुनर्वास का भरोसा दिलाया है। विधायक ने 500 करोड़ रुपए के पैकेज की मांग के साथ बाढ़ प्रभावितों को मकान आदि की मरम्मत के लिए तत्कालिक आर्थिक सहायता और पीएम आवास दिए जाने की मांग की थी। इस मांग को मुख्यमंत्री ने दूसरे ही दिन पूरी कर दिया है। बाढ़ से जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें आवास की तात्कालिक व्यवस्था के लिए छह हजार रुपए दिए जा रहे हैं। साथ ही कच्चा या पक्का मकान टूटने पर पीएम आवास का लाभ दिए जाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। भिण्ड विधायक संजीव सिंह ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि संवेदनशील मुख्यमंत्री जिले के बाढ़ पीडि़तों के लिए जल्द से जल्द उचित कदम उठाएंगे।